मुख्यमंत्री डॉ. यादव निवेश मिशन पर आज मुंबई जाएंगे, टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग में निवेशकों से करेंगे संवाद
भोपाल में कैबिनेट बैठक और उच्च शिक्षा कार्यशाला के बाद मुंबई रवाना होंगे
भाेपाल, 04 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज मंगलवार को निवेश मिशन के तहत मुंबई दौरे पर रहेंगे। वे केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र के निवेशकों की पहली रोड शो एवं निवेशक बैठक में शामिल होंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य मध्यप्रदेश, विशेष रूप से ग्वालियर में प्रस्तावित देश के पहले टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के लिए निवेश आकर्षित करना है।
बैठक में देश की प्रमुख दूरसंचार विनिर्माण कंपनियों और निवेशकों के साथ प्रदेश में उद्योग स्थापना की संभावनाओं पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री निवेशकों से सीधे संवाद कर मध्यप्रदेश की औद्योगिक नीतियों, बेहतर आधारभूत संरचना और निवेश-अनुकूल वातावरण की जानकारी देंगे। सरकार का लक्ष्य राज्य को टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग का प्रमुख केंद्र बनाना और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करना है। यह पहल आत्मनिर्भर भारत के विजन को भी मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
दिनभर का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री दिन की शुरुआत सुबह 9:45 बजे समत्व भवन में प्रशासनिक ब्रीफिंग से करेंगे। इसके बाद सुबह 10:30 बजे आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला उभरते ज्ञान क्षेत्र, उन्नत पाठ्यक्रम : दृष्टि, दिशा एवं क्रियान्वयन में शामिल होंगे, जिसमें कुलगुरु, प्राचार्य और शिक्षा विशेषज्ञ भाग लेंगे।
दोपहर 12:20 बजे मंत्रालय में कैबिनेट ब्रीफिंग होगी, जबकि 12:30 बजे मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में राज्यहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय लिए जाने की संभावना है। कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 2:10 बजे स्टेट हैंगर से विशेष विमान द्वारा मुंबई रवाना होंगे। वहां निर्धारित कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद शाम 6:45 बजे मुंबई से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे और रात लगभग 8:20 बजे भोपाल पहुंचेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

