मुख्यमंत्री डॉ. यादव सहित मंत्रीगण ने केन्द्रीय मंत्री चौहान की माताजी के निधन पर जताया शोक

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सहित मंत्रीगण ने केन्द्रीय मंत्री चौहान की माताजी के निधन पर जताया शोक


भोपाल, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी काशीबाई के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। इसके साथ ही मंत्रीमण्डल के सदस्यों ने भी शोक व्यक्त करते हुए गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार को अपने शोक संदेश में कहा कि दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं केन्द्रीय मंत्री चौहान के परिजनों के साथ हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को दुःख सहन करने का संबल प्रदान करें।

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने दिवंगत काशीबाई को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक-संतप्त परिजन के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजन को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति एवं धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है।

उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि पूज्य माताजी का निधन अत्यंत हृदयविदारक एवं अपूरणीय क्षति है। माँ का स्नेह, त्याग, संस्कार और आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी पूँजी होती हैं। इस दुःखद घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएँ केन्द्रीय मंत्री चौहान एवं उनके समस्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने कहा कि माँ केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि प्रेम, त्याग और निःस्वार्थ समर्पण की साक्षात प्रतिमूर्ति होती है। माँ की ममता और आशीर्वाद व्यक्ति को जीवन की कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने का साहस देते हैं। मंत्री राजपूत ने केंद्रीय मंत्री चौहान एवं उनके परिवार के प्रति आत्मीय संवेदनाएँ व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को चिरशांति प्रदान करने तथा परिजन को दुःख की इस कठिन घड़ी में धैर्य और आत्मबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि माँ परिवार की शक्ति, संस्कारों की आधार शिला और जीवन के हर संघर्ष में सबसे बड़ा संबल होती है। उनका स्नेह और आशीर्वाद जीवन को सही दिशा प्रदान करता है। माँ का इस संसार से विदा होना ऐसी पीड़ा है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। मंत्री तोमर ने परमपिता परमेश्वर से स्वर्गीय श्रीमती काशीबाई की आत्मा की शांति और परिवार को इस गहन शोक से उबरने का साहस प्रदान करने की प्रार्थना की है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि माँ का स्नेह, त्याग, ममता और आशीर्वाद जीवन की सबसे अनमोल धरोहर है। माँ का साया उठ जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि माताजी के संस्कार और आशीर्वाद सदैव परिवार का मार्गदर्शन करते रहेंगे। मंत्री भूरिया ने केंद्रीय मंत्री चौहान एवं समस्त शोक-संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति, धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

बता दें कि केंद्रीय मंत्री चौहान की 76 वर्षीय माताजी काशीबाई का शुक्रवार सुबह भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। वे पिछले एक सप्ताह से गंभीर रूप से अस्वस्थ थीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769268 Articles

Share this story