(अपडेट) मुख्यमंत्री डॉ. यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अशोकनगर पहुंचकर हितानंद शर्मा की माताजी के निधन पर दी श्रद्धांजलि
अशोकनगर/भोपाल, 01 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मध्य क्षेत्र सह बौद्धिक शिक्षण प्रमुख हितानन्द शर्मा के अशोकनगर जिले के ग्राम मढ़ी, महिदपुर स्थित निवास पहुंचकर उनकी माताजी स्वर्गीय जनक दुलारी शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वर्गीय जनक दुलारी शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए बाबा महाकाल से प्रार्थना कर श्रीचरणों में स्थान देने की कामना की है। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्गीय जनक दुलारी शर्मा धार्मिक प्रवृत्ति, सादगीपूर्ण जीवन एवं संस्कारवान व्यक्तित्व के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने समाज एवं परिजनों को सामाजिक मूल्यों, राष्ट्रीय भावना और सेवा संस्कारों से प्रेरित किया था, जिन्हें सभी अम्मा राधे-राधे कहकर पुकारते थे। उनका मथुरा, वृंदावन से काफी लगाव रहा और हमेशा आना-जाना लगा रहता था। उनका निधन हम सबके लिए अपूर्णीय क्षति है, जिसकी भरपाई होना संभव नहीं है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने स्वर्गीय जनक दुलारी शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित कर गहरा शोक व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने की प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय जनक दुलारी शर्मा अद्वितीय प्रतिभा, दृढ़ संकल्प और उच्च आदर्शों की धनी थीं। उनका जीवन सादगी, सेवा और संस्कारों की अमूल्य धरोहर रहा। उन्होंने अपने बच्चों को बचपन से ही ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना, देशसेवा का संकल्प और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का पाठ पढ़ाया। उनका निधन न केवल परिवार, बल्कि पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। इस दौरान पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. प्रभुराम चौधरी, सुरेन्द्र शर्मा, विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी एवं बृजेन्द्र सिंह यादव उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

