मुख्यमंत्री डॉ. यादव और उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने इंदौर में हुई अग्नि दुर्घटना पर जताया शोक
भोपाल, 18 मार्च (हि.स.) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को इंदौर में हुई अग्नि दुर्घटना में दिवंगत नागरिकों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गहन शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है, हमारी संवेदनाएं सभी शोकाकुल परिजन के साथ हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगतों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना की है।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि इंदौर में शॉर्ट सर्किट के कारण हुई हृदयविदारक दुर्घटना अत्यंत दुःखद एवं मर्माहत करने वाली है। इस असामयिक हादसे में जिन नागरिकों ने अपने प्राण गंवाए, उनके प्रति विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। साथ ही, हादसे में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।
गौरतलब है कि इंदौर में बंगाली चौराहा के पास स्थित एक कॉलोनी में बुधवार सुबह करीब 4 बजे एक मकान में इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। हादसे छह लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

