मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वर्ण पदक विजेता महिला कबड्डी टीम और रजत पदक विजेता खिलाड़ियों को दी बधाई
भोपाल, 26 सितम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एशियन गेम्स-2026 में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया 'एक्स' पर जापान में चल रहे एशियन गेम्स-2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत की बेटियों ने स्वर्णिम कीर्तिमान रचते हुए शानदार खेल का प्रदर्शन किया। उनके जज्बे ने माँ भारती और तिरंगे का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि हमारी बेटियों की यह उपलब्धि भारतीय खेल जगत को गौरवान्वित करेगी और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
रजत पदक विजेता खिलाड़ियों को भी दी बधाई
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एशियन गेम्स- 2026 की महिला 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर तिलोत्तमा सेन, विदर्शा विनोद कोचलुमकल और आशी चौकसे को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि निशानेबाजी में यह सफलता युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी और नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ते कदमों का परिचायक है। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स में लगातार मिल रही उपलब्धियों से देश गौरवान्वित है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

