राजगढ़ः सिविल अस्पताल ब्यावरा में अव्यवस्था के विरोध में कांग्रेस का धरना, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग तेज
राजगढ़, 12 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सिविल अस्पताल ब्यावरा में लंबे समय से व्याप्त अव्यवस्था, गंदगी, संसाधनों की कमी और कथित भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को धरना-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर में नारेबाजी करते हुए प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया और तत्काल सुधार की मांग उठाई।
कांग्रेस नेताओं ने एसडीएम गोविंदकुमार दुबे को ज्ञापन सौंपकर अस्पताल की जर्जर होती स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर चिंता जताई। उनका आरोप है कि अस्पताल के कई चिकित्सक सरकारी सेवा में होने के बावजूद निजी क्लीनिक का संचालन कर रहे हैं, जिसके कारण गरीब मरीजों को उचित और समय पर उपचार नहीं मिल पाता।
ज्ञापन में ऐसे चिकित्सकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है, जो मरीजों को बाहर की निजी लैब में जांच कराने या बाहर की दवाइयाँ खरीदने के लिए बाध्य करते हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोरोना काल के दौरान पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी द्वारा अस्पताल को उपलब्ध कराए गए ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और ऑक्सीजन प्लांट की वर्तमान स्थिति की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी रखी। साथ ही अस्पताल में रेबीज इंजेक्शन की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने, ट्रॉमा सेंटर को शीघ्र शुरू करने तथा पुराने अस्पताल भवन में स्थित सिटी डिस्पेंसरी को नियमित रूप से संचालित किए जाने पर भी जोर दिया।
प्रदर्शन के दौरान सफाई व्यवस्था में सुधार लाने और विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग प्रमुख रही। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि अस्पताल की कार्यप्रणाली और सुविधाओं में जल्द सुधार नहीं किया गया, तो आने वाले समय में उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल दांगी,महेन्द्र यादव, कपिल शिवहरे, अर्पित शर्मा सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

