अनूपपुर: सफाई कर्मीयों की हड़ताल से शहर की सफाई व्यवस्था तीन दिनों ठप्प

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: सफाई कर्मीयों की हड़ताल से शहर की सफाई व्यवस्था तीन दिनों ठप्प


अनूपपुर: सफाई कर्मीयों की हड़ताल से शहर की सफाई व्यवस्था तीन दिनों ठप्प


अनूपपुर, 28 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यालय की नगर पालिका में कार्यरत सफाई कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रही हैं। लंबित वेतन एरियर के भुगतान की मांग को लेकर शुरू की गईं इस हड़ताल के चलते शहर में तीन दिनाें से सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर कचरे के ढेर लग गए हैं और दुर्गंध से आमजन परेशान हैं।

सफाई कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से वेतन एरियर के भुगतान की मांग कर रहे हैं, लेकिन नगर पालिका प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। कर्मचारियों ने बताया कि रामनवमी पर्व को ध्यान में रखते हुए उन्होंने गुरुवार तक भुगतान किए जाने की मांग रखी थी। समय सीमा समाप्त होने और भुगतान नहीं होने पर उन्हें हड़ताल का कदम उठाना पड़ा। सफाई कर्मीयों ने बताया हमने इसे पूर्व भी कई बार मांग पत्र दे चुके हैं लेकिन मुख्य नगर पालिका अधिकारी ध्यान नहीं दिया हैं। अभी भी आधी अधूरी मांग पूरी कर रहें हैं। कर्मचारियों ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जब तक लंबित एरियर का भुगतान नहीं किया जाएगा, वे कार्य पर वापस नहीं लौटेंगे।

नगर पालिका क्षेत्र में कुल 55 सफाई कर्मचारी 15 वार्डों में साफ-सफाई का कार्य करते हैं। इनके कार्य बंद कर देने से बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, जिला चिकित्सालय, इंदिरा तिराहा सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर कचरे का अंबार लग गया है। सफाई नहीं होने से गंदगी और दुर्गंध बढ़ती जा रही है, जिससे लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रदीप झरिया ने बताया कि सफाईकर्मीयों के वेतन की मांग को कुछ हद तक पूरी की है कुछ लोगों का रह गया है जिसे शीघ्र ही पूरा कर दिया जाएगा। हड़ताली सफाई कर्मी नित नई मांग लेकर आ जाते हैं जिसे पूरा नहीं किया जा सकता है। हम रविवार से आउटसोर्स के 10-15 लोगों को इस कार्य के लिए लगाएंगे जिससे नगर की साफ सफाई हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story