सीहोर में खराब सड़कों से परेशान नागरिकों और व्यापारियों ने किया चक्काजाम

WhatsApp Channel Join Now
सीहोर में खराब सड़कों से परेशान नागरिकों और व्यापारियों ने किया चक्काजाम


सीहोर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर के मंडी क्षेत्र में सड़क की बदहाल स्थिति से परेशान नागरिकों और व्यापारियों ने बुधवार को चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। लोगों का कहना था कि मंडी से श्यामपुर तक करीब 30 करोड़ रुपए की लागत से एफडीआर पद्धति से बनाई गई सड़क गारंटी अवधि में ही जगह-जगह उखड़ने लगी है। सड़क पर गड्ढों और उखड़ी सतह के कारण गिट्टियां बाहर निकल आई हैं, वहीं वाहनों के गुजरने से दिनभर धूल उड़ती रहती है।

प्रदर्शनकारियों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए प्रशासन और संबंधित ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि सड़क की स्थिति लगातार खराब होने के बावजूद स्थायी मरम्मत नहीं की जा रही है। सड़क पर गड्ढों और बिखरी गिट्टियों के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने से हादसे भी हो रहे हैं।

स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि सड़क से उड़ने वाली धूल दुकानों और सामान पर जम रही है। इससे कारोबार प्रभावित होने के साथ लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रहवासियों का कहना है कि सड़क की स्थिति ऐसी हो गई है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है।

दो महीने में तीसरी बार प्रदर्शन

सड़क की मरम्मत और निर्माण की गुणवत्ता की जांच की मांग को लेकर यह दो महीने में तीसरा चक्काजाम है। इससे पहले कोलीपुरा चौराहे और हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में भी नागरिक सड़क की समस्या को लेकर प्रदर्शन कर चुके हैं। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कर जिम्मेदारी तय की जाए। चक्काजाम की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। अधिकारियों ने लोगों को समस्या के समाधान का आश्वासन देकर रास्ता खुलवाने का प्रयास किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story