शहडाेल: मध्यान्ह भोजन के बाद बच्चे बीमार, बीईओ एवं बीआरसी को कारण बताओ नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
शहडाेल: मध्यान्ह भोजन के बाद बच्चे बीमार, बीईओ एवं बीआरसी को कारण बताओ नोटिस


शहडोल, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के ब्यौहारी विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक विद्यालय बदरचुआ में शनिवार को मध्यान्ह भोजन ग्रहण करने के बाद कुछ बच्चों के बीमार होने की जानकारी आने के बाद जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए सभी बच्चों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ब्यौहारी पहुंचाया। चिकित्सकों द्वारा बच्चों का उपचार किया गया। वर्तमान में सभी बच्चों की स्थिति सामान्य बताई गई है। एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य निगरानी के लिए बच्चों को चिकित्सालय में रखा गया है।

कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने घटना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश के बाद बीईओ ब्यौहारी एवं बीआरसी को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा संबंधित स्व-सहायता समूह को मध्यान्ह भोजन कार्य से पृथक करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारी निर्धारित करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश भी दिए हैं।

एसडीएम एवं तहसीलदार के प्रतिवेदन में सामने आई लापरवाही

एसडीएम ब्यौहारी अर्चना मिश्रा एवं तहसीलदार गैलेक्सी नागपुरे द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के अनुसार, शनिवार को शासकीय प्राथमिक विद्यालय बदरचुआ, ग्राम पंचायत चरका में 15 विद्यार्थी उपस्थित थे। मध्यान्ह भोजन के बाद एक विद्यार्थी को उल्टी तथा कुछ अन्य विद्यार्थियों को पेट दर्द की शिकायत हुई। इसकी सूचना दोपहर जनशिक्षक राजाराम पटेल द्वारा दी गई। सूचना मिलते ही संबंधित विकासखंड स्तरीय अधिकारी अस्पताल पहुंचे और बच्चों के उपचार की व्यवस्था की गई।

विद्यालय में स्वाती स्व-सहायता समूह द्वारा मध्यान्ह भोजन के तहत दाल एवं चावल बनाया गया था। समूह की अध्यक्ष उर्मिला पाल एवं सचिव राधना साहू हैं। भोजन बनाने का कार्य रसोइया विद्या बाई सिंह गोंड एवं पुनिया बाई सिंह गोंड द्वारा किया जा रहा था।

प्रतिवेदन के अनुसार, जिला पंचायत शहडोल द्वारा 23 सितंबर 2026 को जारी आदेश के माध्यम से स्वाती स्व-सहायता समूह को मध्यान्ह भोजन कार्य से पृथक करते हुए नव जमुना स्व-सहायता समूह को विद्यालय में मध्यान्ह भोजन संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उक्त आदेश 28 सितंबर को जनशिक्षक द्वारा संबंधित प्रधानाध्यापक एवं समूह को व्हाट्सएप के माध्यम से उपलब्ध करा दिया गया था। इसके बावजूद पूर्व स्व-सहायता समूह द्वारा आज दिनांक तक नए समूह को प्रभार नहीं सौंपा गया और पूर्व समूह द्वारा ही मध्यान्ह भोजन तैयार किया जा रहा था।

घटना के दिन विद्यालय के प्रधानाध्यापक सीताशरण सिंह शासन के निर्देशानुसार जनशिक्षा केंद्र शासकीय पीएमश्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ब्यौहारी में आयोजित शैक्षिक संवाद में उपस्थित थे। विद्यालय में अतिथि शिक्षक दुर्गा गुप्ता मौजूद थीं। प्रतिवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि समूह परिवर्तन संबंधी आदेश का पालन नहीं होने की जानकारी प्रधानाध्यापक द्वारा 14 नवंबर को दी गई। इस संबंध में संबंधित संस्था प्रमुख एवं समूह को कार्यालय द्वारा कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।

भोजन का नमूना जांच के लिए भेजा गया

मध्यान्ह भोजन के नमूने खाद्य विभाग को जांच के लिए उपलब्ध करा दिए गए हैं। प्रारंभिक प्रतिवेदन में विद्यालय के संस्था प्रमुख द्वारा समूह परिवर्तन के आदेश के पालन की स्थिति की जानकारी समय पर नहीं देने तथा स्वाती स्व-सहायता समूह द्वारा आदेश के बावजूद मध्यान्ह भोजन का कार्य जारी रखने को गंभीर लापरवाही के रूप में उल्लेखित किया गया है। साथ ही भोजन तैयार करने वाली दोनों रसोइयों द्वारा साफ-सफाई एवं स्वच्छता संबंधी निर्देशों के पालन की स्थिति की भी जांच की जा रही है।

कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777262 Articles

Share this story