अनूपपुर में समझाइश से टला बाल विवाह, प्रशासन और पुलिस की सक्रियता से रुकी रस्में

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर में समझाइश से टला बाल विवाह, प्रशासन और पुलिस की सक्रियता से रुकी रस्में


अनूपपुर में समझाइश से टला बाल विवाह, प्रशासन और पुलिस की सक्रियता से रुकी रस्में


अनूपपुर, 04 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में बाल विवाह की एक संभावित घटना को समय रहते रोक लिया गया। विकासखंड पुष्पराजगढ़ के राजेंद्रग्राम क्षेत्र में सूचना मिलने पर महिला एवं बाल विकास विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाइश दी, जिसके बाद विवाह को स्थगित कर दिया गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग की सहायक संचालक मंजूषा शर्मा ने बताया कि कलेक्टर हर्षल पंचोली के निर्देशन में जिले में बाल विवाह रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। सोमवार को मिली सूचना के आधार पर विभागीय टीम पुलिस बल के साथ संबंधित परिवार के घर पहुंची और उन्हें बाल विवाह निषेध अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी दी।

टीम ने परिजनों को कम उम्र में विवाह के सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों के साथ-साथ कानूनी सजा के बारे में विस्तार से समझाया। काउंसलिंग के बाद परिवार ने सहमति जताते हुए विवाह को तत्काल रोक दिया।

कलेक्टर हर्षल पंचोली ने इस कार्रवाई के बाद संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में सतत निगरानी बनाए रखें और ऐसे मामलों में तुरंत हस्तक्षेप करें। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या नजदीकी शासकीय कार्यालय को सूचित करें, ताकि समय रहते ऐसी कुप्रथा पर रोक लगाई जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story