राजगढ़ः कुएं में गिरी पांच साल की बालिका, 5 घंटे रेस्क्यू के बाद निकला शव

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः कुएं में गिरी पांच साल की बालिका, 5 घंटे रेस्क्यू के बाद निकला शव


राजगढ़, 15 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र के ग्राम आम्बा में शनिवार दोपहर एक पांच वर्षीय बालिका की कुएं में गिरने से मौत हो गई। करीब पांच से छह घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद एसडीआरएफ, पुलिस और ग्रामीणों की मदद से बालिका का शव कुएं से बाहर निकाला जा सका।

पुलिस के अनुसार, ग्राम आम्बा निवासी पांच वर्षीय राधिका पुत्री चंदरसिंह सेन शनिवार दोपहर करीब 12ः30 बजे अपनी मां के साथ खेत पर गई थी। इसी दौरान वह कुएं से पानी लेने के लिए गई, तभी अचानक पैर फिसलने से गहरे कुएं में गिर गई। बालिका के कुएं में गिरते ही मां ने शोर मचाया। आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही राजगढ़ से एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। कुआं काफी गहरा और पानी से लबालब भरा होने के कारण बचाव कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी। लगभग पांच से छह घंटे की कोशिश के बाद टीम ने बालिका का शव बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया है। रविवार सुबह पोस्टमार्टम किया जाएगा। बालिका के पिता खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story