मऊगंज में कूलर में करंट से 8 वर्षीय मासूम की मौत, सोकर उठते समय हुआ हादसा

WhatsApp Channel Join Now
मऊगंज में कूलर में करंट से 8 वर्षीय मासूम की मौत, सोकर उठते समय हुआ हादसा


मऊगंज, 18 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के हनुमना थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई है। जहां घर में चल रहे कूलर से जोरदार करंट लगने के कारण एक 8 साल के बच्चे की मौत हो गई। हादसे के वक्त मासूम की मां मवेशियों को चारा देने बाहर गई थीं और पिता भी घर पर मौजूद नहीं थे।

जानकारी के अनुसार, हनुमना थाना अंतर्गत देवरी गांव में शनिवार की सुबह एक हंसता-खेलता परिवार उस वक्त गहरे शोक में डूब गया, जब करंट की चपेट में आने से उनके इकलौते 8 वर्षीय बेटे बृजेश पटेल (पुत्र कृष्णकांत पटेल) की असामयिक मौत हो गई। बताया गया कि सुबह जब बृजेश सोकर उठा, तो बिस्तर के पास ही चल रहे लोहे के कूलर से उसका शरीर अचानक छू गया। कूलर की बॉडी में पहले से ही तेज करंट उतर रहा था, जिसने मासूम को बुरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। करंट का झटका इतना तगड़ा था कि बच्चा बिना चीख-पुकार किए वहीं बिस्तर के पास बेसुध होकर गिर पड़ा।

मृतक के पिता कृष्णकांत पटेल ने बताया कि रोज की तरह शनिवार सुबह भी उनकी पत्नी घर के रोजमर्रा के काम निपटाने और मवेशियों (पशुओं) को चारा डालने के लिए बाड़े में गई हुई थीं। जब वह काम खत्म कर घर के भीतर लौटीं, तो कमरे का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई; उनका बेटा जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था। परिजनों ने आनन-फानन में बच्चे को उठाया और अस्पताल लेकर भागे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही हाटा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी निरीक्षक यू.बी. सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और प्रथम दृष्टया यह मामला पूरी तरह से करंट लगने के कारण हुई दुर्घटना का ही प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भिजवाया। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story