राजगढ़ः प्रसूता ने एम्बूलेंस में दिया बच्ची को जन्म,अस्पताल में दोनों स्वस्थ

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः प्रसूता ने एम्बूलेंस में दिया बच्ची को जन्म,अस्पताल में दोनों स्वस्थ


राजगढ़, 12 दिसम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगापुरा में रहने वाली 25 वर्षीय प्रसूता ने शुक्रवार दोपहर 108 एम्बूलेंस में बच्ची को जन्म दिया,जिसके बाद प्रसूता सहित नवजात को सिविल अस्पताल ब्यावरा में भर्ती किया गया, जहां दोनों स्वस्थ बताए गए है।

जानकारी के अनुसार ग्राम सिंगापुरा निवासी 25 वर्षीय गायत्रीबाई पत्नी रघुवीर प्रजापित को पहली प्रसुति होनी थी, जिसके परिजनों के द्वारा दोपहर 12ः12 बजे एम्बूलंेस को सूचित किया गया,जिस पर एम्बूलेंस वाहन क्रमांक सीजी04 एनजेड 5879 कुछ देरी से ग्राम सिंगापुरा पहुंचा, जहां से प्रसूता को लेकर सिविल अस्पताल ब्यावरा के लिए निकला। इसी दौरान ब्यावरा शहर में प्रवेश करते ही प्रसूता ने बच्ची को जन्म दिया। एम्बूलेंस वाहन द्वारा पहुंची प्रसूता और नवजात को सिविल अस्पताल भर्ती किया गया है, जहां दोनों स्वस्थ बताए गए है। बताया गया है कि दो दिन पहले ही महिला की सोनोग्राफी हुई थी। अस्पताल में भर्ती करने के दौरान प्रसूता पर कोई भी आवश्यक कागजात उपलब्ध नही मिले, जिनमें समग्र आईडी, आंगनवाडी कार्ड, पासबुक शामिल है। अस्पताल के स्टाफ द्वारा महिला के परिजनों को आवश्यक कागजात जल्द ही बनवाने की सलाह दी गई,जिससे प्रसूति सहायता राशि समय पर मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story