मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नानाजी देशमुख और चंद्रशेखर आजाद की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की
भाेपाल, 27 फ़रवरी (हि.स.)। भारत के महान समाज सेवी, भारत रत्न नानाजी देशमुख और भारतीय स्वाधीनता संग्राम के महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की आज शुक्रवार काे पुण्यतिथि है। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दोनों महान विभूतियों को स्मरण् करते हुए विनम्र श्रद्धासुमन अर्पित किये है।
मुख्यमंत्री डाॅ यादव ने नानाजी देशमुख को पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा -प्रबुद्ध राष्ट्र सेवक एवं महान समाज सुधारक, भारत रत्न, श्रद्धेय नानाजी देशमुख जी की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। देश की प्रगति में ग्रामीण विकास, शिक्षा और गरीब कल्याण को आधार बनाने की आपने प्रेरणा दी। आपके कृतित्व, विचार व दृष्टिकोण राष्ट्र के नवनिर्माण की दिशा देते रहेंगे।
एक अन्य संदेश के माध्यम से चंद्रशेखर आजाद को शहादत दिवस पर नमन करते हुए मुख्यमंत्री डॉ यादव ने लिखा - मध्यप्रदेश की माटी के लाल, भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक, चंद्रशेखर आजाद जी की पुण्यतिथि पर कोटि-कोटि नमन करता हूं। मां भारती की स्वतंत्रता के लिए समर्पित आपका जीवन प्रत्येक देशभक्त के लिए ऊर्जा, संकल्प एवं सेवा का अप्रतिम अध्याय है। आपके चरणों में बारंबार प्रणाम करता हूं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

