मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्व. सुंदरलाल पटवा की जयंती पर दी पुष्पांजलि, कहा- उनका योगदान सदैव स्मरणीय

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्व. सुंदरलाल पटवा की जयंती पर दी पुष्पांजलि, कहा- उनका योगदान सदैव स्मरणीय


भोपाल, 11 नवम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. सुंदरलाल पटवा की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर कहा कि स्व. पटवा का सार्वजनिक जीवन सेवा, दृढ़ संकल्प और कर्मठता की प्रेरणा देता है। मध्यप्रदेश के विकास में उनका योगदान और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव स्मरणीय रहेगी।

मुख्यमंत्री निवास पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. सुंदरलाल पटवा से उनका व्यक्तिगत परिचय रहा। वे हमारे प्रदेश के पार्टी अध्यक्ष भी रहे। एक कुशल संगठनकर्ता और प्रारंभिक दौर से ही विजय प्राप्त करने वाले विलक्षण व्यक्तित्व के धनी स्व. पटवा का जीवन हम सभी को सदैव प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने संगठन का संचालन भी पूरी आत्मीयता और समर्पण के साथ किया। वे बेहद सहज, सरल और मस्तमौला स्वभाव के व्यक्ति थे। वहीं अपनी प्रशासनिक दक्षता से उन्होंने अपने निर्णयों और कार्यशैली से एक विशिष्ट पहचान भी बनाई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्व. बाबूलाल गौर को वीआईपी रोड के निर्माण के लिए खुली छूट देने में स्व. पटवा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वीआईपी रोड के निर्माण में स्व. पटवा और स्व. गौर की जोड़ी का बड़ा योगदान रहा। मुख्यमंत्री ने स्व. पटवा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वास्तव में हम सब सदैव उनका स्मरण करते हैं। हमारी सरकार स्व. पटवा के दिखाये जनसेवा एवं विकास के मार्ग पर दृढ़ता के साथ निरंतर आगे बढ़ती रहेगी।

उल्लेखनीय है कि स्व. सुंदरलाल पटवा का जन्म 11 नवम्बर 1924 को कुकडेश्वर (वर्तमान में जिला नीमच) में हुआ था। स्व. पटवा पहली बार षष्ठम विधानसभा में 20 जनवरी 1980 से 17 फरवरी 1980 तक तथा दूसरी बार नवम विधानसभा में 5 मार्च 1990 से 15 दिसम्बर 1992 तक मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के पद पर पदासीन रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775221 Articles

Share this story