मुख्यमंत्री ने पत्रकार सपना कुमारी के निधन पर जताया दु:ख, चार लाख रुपये आर्थिक सहायता के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने पत्रकार सपना कुमारी के निधन पर जताया दु:ख, चार लाख रुपये आर्थिक सहायता के दिए निर्देश


भोपाल, 16 नवम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजधानी भोपाल स्थित भदभदा चौराहे पर बीते रविवार को सड़क दुर्घटना में पत्रकार सपना कुमारी के असामयिक निधन पर दु:ख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतका के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को अपने संदेश में कहा कि मेरी संवेदनाएं सपना कुमारी और उनके शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगत को अपने श्री चरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

गौरतलब है कि माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा रहीं सपना कुमारी पत्रकारिता की पढ़ाई के बाद न्यूज चैनल के साथ जुड़ी थीं। रविवार सुबह रैपिडो बाइक से दफ्तर जा रही थीं। इसी दौरान एक बाइक सवार ने रैपिडो चालक को कट मार दिया, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और सपना सड़क पर गिर पड़ीं। तभी पीछे से आ रहे डंपर ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777873 Articles

Share this story