मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज असम दौरे पर, स्थानीय कार्यक्रमों में होंगे शामिल, निवेश पर होगी चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज असम दौरे पर, स्थानीय कार्यक्रमों में होंगे शामिल, निवेश पर होगी चर्चा


भाेपाल, 4 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ. माेहन यादव आज शनिवार काे असम दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री डाॅ. यादव असम के कामरूप महानगर का भ्रमण करेंगे। यहां वे स्थानीय कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे और लोगों से सीधे रूबरू होंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा सिर्फ औपचारिक नहीं है, बल्कि इसमें निवेश से जुड़ी बड़ी चर्चाएं भी होंगी।

मुख्यमंत्री यादव का इस दौरे का मुख्य उद्देश्य मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं को सामने लाना है। वे असम के प्रमुख उद्योगपतियों से वन-टू-वन चर्चा करेंगे और उन्हें एमपी में उद्योग लगाने के लिए आमंत्रित करेंगे। दरअसल, सरकार का मकसद है कि अधिक से अधिक निवेशक प्रदेश में आएं, जिससे युवाओं के लिए रोज़गार के नए मौके बन सकें। इसके अलावा मुख्यमंत्री डाॅ. यादव शनिवार काे असम में आयोजित कुछ सांस्कृतिक और स्थानीय कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे।

इन कार्यक्रमों के जरिए वे स्थानीय लोगों से जुड़ेंगे और प्रदेशों के बीच सांस्कृतिक रिश्तों को और मजबूत करेंगे। वहीं रविवार, 5 अक्टूबर को उनका दौरा और भी महत्वपूर्ण हाेगा। गुवाहाटी में आयोजित एक विशेष सत्र में सीएम पूर्वोत्तर राज्यों के निवेशकों के साथ-साथ भूटान के प्रतिनिधियों से वन-टू-वन चर्चा करेंगे। इस सत्र को संबोधित करने वाले प्रमुख अतिथि होंगे रॉयल भूटानी कांसुलेट के कांसुल जनरल, जिग्मे थिन्लेय नामग्याल। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस दौरान मध्य प्रदेश के प्रमुख निवेश क्षेत्रों जैसे एग्री-बिजनेस, आईटी, मैन्युफैक्चरिंग और रिन्यूएबल एनर्जी पर फोकस करेंगे। साथ ही, राज्य की उद्योग-अनुकूल नीतियों – जैसे सिंगल विंडो सिस्टम, सब्सिडी स्कीम्स और इंफ्रास्ट्रक्चर सपोर्ट – की विस्तृत जानकारी साझा करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765798 Articles

Share this story