सीएम फेलोज, विकास गतिविधियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का बेहतर क्रियान्वयन और प्रभावी मूल्यांकन करेंगे सुनिश्चित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

WhatsApp Channel Join Now
सीएम फेलोज, विकास गतिविधियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का बेहतर क्रियान्वयन और प्रभावी मूल्यांकन करेंगे सुनिश्चित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


- मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सीएम फेलोज को किया संबोधित

- ‘मुख्यमंत्री यंग प्रोफेशनल फॉर डेवलपमेंट प्रोग्राम’ के अंतर्गत सुशासन संस्थान में आरंभ हुआ पांच दिवसीय प्रशिक्षण सत्र

भोपाल, 14 अक्टूबर (हि.स.) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सुशासन और नवाचारी कार्यों से संपूर्ण विश्व प्रभावित है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश विकास और जनकल्याण की दिशा में निरंतर नित्य नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। प्रदेश के युवा निडरता पूर्वक अपनी योग्यता और क्षमता से सभी क्षेत्रों में उपलब्धियां अर्जित कर रहे हैं। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यक्रमों के क्रियान्वयन तथा उनके मूल्यांकन में भी युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री यंग प्रोफेशनल्स फॉर डेवलपमेंट प्रोग्राम के सभी युवा साथी प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को मुख्यमंत्री यंग प्रोफेशनल फॉर डेवलपमेंट प्रोग्राम के अंतर्गत चयनित सी. एम. फेलोज के पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान में दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उपस्थिति में ग्लोबल विलेज फाउंडेशन और सुशासन संस्थान के मध्य एम. ओ. यू. पर हस्ताक्षर भी हुए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पचपन जिलों से चयनित युवा नई पचपन आशाओं का समुच्चय हैं। यह युवा केन्द्र और राज्य द्वारा संचालित योजनाओं तथा शासन/प्रशासन की इकाईयों द्वारा उनके क्रियान्वयन का प्रभावी मूल्यांकन सुनिश्चित करेंगे। इससे क्रियान्वयन की कमजोरियों को चिन्हित कर उनमें आवश्यक सुधार करने में मदद मिलेगी। राज्य में जनकल्याणकारी नीतियों को लागू करने में जिला प्रशासन, ग्राम पंचायतों और निकायों के चुने गए जनप्रतिनिधियों की भूमिका भी काफी अहम है। सभी यंग प्रोफेशनल्स, शासकीय व्यवस्थाओं के क्रियान्वयन और उनमें जनभागीदारी की भूमिका का बारीकी से अवलोकन करते हुए जिला प्रशासन के लिए भी उपयोगी धरोहर बनें।

वर्ष 2027 में महत्वपूर्ण होगी युवाओं की भूमिका

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार ने प्रत्येक वर्ष के लिए अलग-अलग लक्ष्य तय किया है। वर्ष 2025 को रोजगार और निवेश, वर्ष 2026 को किसान कल्याण और अब वर्ष 2027 को राज्य सरकार युवा वर्ष के रूप में मनाने जा रही हैं। इस वर्ष में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। युवाओं के लिए सालभर गतिविधियां संचालित की जाएगी। हमारे युवा प्रभावी नेतृत्व प्रदान करें वे अपने दायित्व को मात्र जॉब के रूप में न लें, बल्कि प्रदेश की बेहतरी और जनकल्याणकारी कार्यों का लाभ आमजन तक पहुंचाने के लिए काम करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी का संबंध मध्यप्रदेश से भी है। एक राजनेता का जीवन कैसा होना चाहिए, यह अटल जी के व्यक्तित्व के विविध पक्षों से बड़ी सरलता से समझा जा सकता है। उन्होंने राजनीति, साहित्य, संस्कृति और विपक्ष में बड़ी सहजता से प्रेरणादायी कार्य किए। अटल जी हर परिस्थिति में अपने दायित्वों का निर्वहन करने से पीछे नहीं हटे। वे सच्चे अर्थों में लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने के लिए सदैव अटल रहे। सशक्त लोकतंत्र के लिए उनके विचार, वर्तमान में भी प्रासंगिक और प्रेरक हैं।

स्वयं पर विश्वास, स्वभाव में विनम्रता और बेहतर संवाद शैली है सफलता का आधार

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के वक्तव्य 'यही समय है-सही समय है' से प्रेरणा लेते हुए हम अपने कार्यों द्वारा समाज और देश के प्रति अपनी भूमिका सार्थक करें। प्रधानमंत्री मोदी ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए सुशासन स्थापित कर उत्कृष्ट कार्य किए हैं। उनकी प्रशासनिक कार्य कुशलता की प्रसंशा पूरी दुनिया में हो रही है। पहले हम पश्चिमी देशों से अपनी तुलना करते थे, लेकिन अब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दृढ़ इच्छा शक्ति के बल पर भारत ने अनेक चुनौतियों का समाप्त करते हुए नए कीर्तिमान गढ़े हैं। अंतरिक्ष विज्ञान क्षेत्र में इसरो की उपलब्धियां इसका उत्कृष्ट उदाहरण है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि युवा साथी देश को आगे बढ़ाने की भावना के साथ जमीनी स्तर पर अपने दायित्वों को निभाएं। उन्होंने कहा कि यंग प्रोफेशनल्स जिला स्तर पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर काम करें। युवा, अपने उत्तरदायित्वों को समझें, स्वयं पर विश्वास करें और अपने स्वभाव में विनम्रता और बेहतर संवाद के साथ कार्य करें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया यंग प्रोफेशनल्स से संवाद

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर यंग प्रोफेशनल से संवाद भी किया। भोपाल की प्राची गौर ने पूछा कि मैदानी स्तर पर आने वाली चुनौतियों का सामना कैसे किया जाए। इस पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान दें । शांत चित्त और तनाव रहित रहते हुए जन सामान्य से सहज संवाद में रहे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने युवाओं को नवाचार के लिए तत्पर रहने और परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने की क्षमता विकसित करने तथा किताबी ज्ञान के साथ-साथ अनुभव को भी महत्व देने की सलाह दी।

युवाओं को डाटा विश्लेषण, जिला स्तर पर प्रशासनिक संरचना और कार्यप्रणाली का दिया जाएगा प्रशिक्षण

अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के उपाध्यक्ष प्रो. राजीव दीक्षित ने कहा कि जीवन में प्रशिक्षण की विशेष महत्ता है। ‘मुख्यमंत्री यंग प्रोफेशनल फॉर डेवलपमेंट प्रोग्राम’ के अंतर्गत सीएम फेलोज का प्रशिक्षण भी इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए आयोजित किया जा रहा है। अलग-अलग प्रशिक्षण सत्रों में युवाओं को डाटा विश्लेषण, जिला स्तर पर प्रशासनिक संरचना और कार्यप्रणाली की जानकारियां प्रदान की जा रही हैं। प्रशिक्षण सत्र में राज्य के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, युवा साथियों को जमीनी स्तर की बारीकियां बता रहे हैं। इसके अंर्तगत जनजातीय कल्याण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महिला एवं बाल विकास, राजस्व, कृषि एवं कृषक कल्याण और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, विशेष रूप से शामिल हैं। प्रशिक्षण सत्र में देश के अन्य राज्यों से भी विशेषज्ञ अपना योगदान दे रहे हैं।

कार्यक्रम में लोकसेवा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, युवा आयोग के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रदेशभर से आए युवा साथी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760782 Articles

Share this story