मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव उज्जैन में रविवार को देंगे सौगात
उज्जैन, 18 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव रविवार को उज्जैन में विक्रम नगर-देवास रोड़ सडक़ निर्माण सौन्दर्यीकरण कार्य, हेलीपैड पर बने विश्राम गृह का लोकार्पण संकुल भवन से करेंगे। इसीप्रकार एक ही पाण्डाल के नीचे 112 विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देंगे। जिला पुलिस एवं प्रशासन तथा नगर निगम ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।
निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा के अनुसार स्पेशल असिस्टेंट योजना अंतर्गत मुख्यमंत्री डॉ.यादव संकुल भवन से विक्रम नगर-देवास रोड़ की कनेक्टिविटी सडक़ निर्माण तथा सौंदर्यीकरण कार्य एवं हेलीपैड स्थित विश्राम गृह का लोकार्पण रविवार को करेंगे। उन्होने बताया कि कोठी रोड से देवास रोड-विक्रम नगर की कनेक्टिविटी सडक़ की लागत लगभग 18 करोड़ है। इस मार्ग की लंबाई 2100 मीटर,चौड़ाई 18 मीटर और 24 मीटर है। विकास कार्य योजना अंतर्गत निगम द्वारा पाथवे, डिवाइडर, आकर्षक लाइटिंग, सौंदर्यीकरण कार्य किया गया है। श्री मिश्रा ने शनिवार को उक्त कार्यों का निरीक्षण किया।
ऐसा बना है हेलीपेड पर विश्राम गृह
नागझिरी हेलीपेड पर बनाया गया विश्राम गृह शहर को मुख्यमंत्री की ओर से सौगात है। इस विश्राम गृह में एक बड़ा वेटिंग हॉल है। पूर्ण सुविधाओं का एक कक्ष मुख्यमंत्री का, एक कक्ष क्रू मैंबर्स का, एक कक्ष साथ आनेवाले वरिष्इ आयएएस/आयपीएस का रहेगा। एक पेंट्री दी गई है वहीं पोर्च में दो रास्ते हैं। आमजन एक रास्ते से वेटिंग हॉल में पहुंचेंगे वहीं मुख्यमंत्री दूसरे रास्ते से। इसी प्रकार वेटिंग रूम में आनेवाले आगंतुकों के लिए लेट-बॉथ की तीन यूनिट अलग से बनाई गई है।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह का होगा आयोजन
रविवार अक्षय तृतीया पर कार्तिक मेला प्रांगण में मुख्यमंत्री कन्या विवाह का आयोजन होगा। इसमें मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव 112 विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देंगे। शनिवार को महापौर मुकेश टटवाल ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। ज्ञात रहे मुख्यमंत्री कन्या विवाह आयोजन अंतर्गत 100 जोड़े निर्धारित किए गए हैं। साथ ही निकाह अंतर्गत 12 जोड़े रहेंगे। इस प्रकार 112 जोड़ों को आयोजन में सम्मिलित किया गया है। संपूर्ण आयोजन जीरो वेस्ट इवेंट पर आधारित रहेगा। नव विवाहित जोड़ों को शासन की ओर से प्राप्त 49 हजार रु. के चेक प्रत्येक जोड़े को प्रदान किए जाएंगे।
टटवाल ने बताया कि नगर निगम द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत एक ही पंडाल के नीचे 112 जोड़ो का विवाह होने के बाद नव विवाहित जोड़ों को नगर निगम द्वारा विवाह स्थल पर ही विवाह प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
जल गंगा संवर्धन अभियान: 2 लाख पौधारौपण का लक्ष्य
जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की मंशानुसार उज्जैन शहर में हरियाली विकसित करने हेतु नगर निगम द्वारा वृहद स्तर पर पौधारोपण करने का लक्ष्य लिया गया है। निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा के अनुसार नगर निगम उद्यान विभाग द्वारा पर्यावरण प्रेमी संस्थाओं के साथ मिलकर विक्रम विश्वविद्यालय स्थित भू-विज्ञान अध्ययनशाला अंतर्गत 500 से अधिक गढ्ढे करने का कार्य किया गया हैं।
अपर आयुक्त संदीप शिवा ने बताया कि नगर निगम द्वारा वसुंधरा हरियाली महोत्सव समिति, पर्यावरण प्रेमी परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर पूर्व से रोपित पौधों में पानी डालने का कार्य किया जा रहा है। वर्तमान में 500 से अधिक पौधे रोपित करने हेतु गड्ढे किए गए हैं। 9000 से अधिक पौधों को जिओ टैग करने का कार्य किया गया है। वृहद स्तर पर पौधारोपण हेतु 6 हेक्टेयर भूमि पर 2 लाख पौधारोपण करने का लक्ष्य लिया गया है। विशेषज्ञों की निगरानी में मियावाकी पद्धति से पौधारोपण करते हुए क्षेत्र को सघन जंगल के रूप में विकसित किया जाएगा।
उज्जैन प्रवास रहेगा मुख्यमंत्री कामुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव रविवार प्रात: 11.30 बजे हेलीकाप्टर से उज्जैन आएंगे। यहां वे स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे और दोपहर 12.45 बजे हेलीकाप्टर से जानापाव के लिए रवाना हो जाएंगे। डॉ.यादव प्रात: 11.30 बजे हेलीपेड पुलिस लाइन पर नवीन विश्राम गृह का लोकार्पण, दोपहर 12.05 बजे कार्तिक मेला प्रांगण में सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होंगे। कोठी रोड, नवीन मार्ग का लोकार्पण सायं 5 बजे करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

