मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रज्ञा बघेल को दी बधाई
- सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन में सचिव पद पर पुनर्निर्वाचित हुईं मध्य प्रदेश की प्रज्ञा
भोपाल, 20 अगस्त (हि.स.) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार काे सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में सचिव पद पर पुनः निर्वाचित होने पर मध्य प्रदेश की बेटी प्रज्ञा बघेल को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल कार्यकाल की मंगलकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संदेश में कहा कि सचिव पद पर पुनः निर्वाचित होने वाली प्रदेश की पहली एडवोकेट के रूप में बघेल ने प्रदेश का मान बढ़ाया है।
उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट में मध्यप्रदेश की एडवोकेट प्रज्ञा बघेल ने 18 अगस्त 26 को नई दिल्ली में सम्पन्न सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के चुनाव में सचिव पद के चुनाव में विजय हासिल की है। एडवोकेट बघेल, सेवानिवृत्त आई.ए.एस, अधिकारी एल.एस. बघेल की पुत्री हैं।
बघेल सतना जिले के रामपुर बघेलान (बम्हौरी) के निवासी हैं। एडवोकेट प्रज्ञा ने सिंधिया कन्या विद्यालय,ग्वालियर से शिक्षा प्राप्त करने के बाद पुणे के प्रतिष्ठित लॉ कालेज, आई.एल.एस. कालेज से वर्ष 2002 में बी.ए.एल एल.बी. की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में वकालत करना शुरू किया। प्रज्ञा स्वतंत्र रूप से सुप्रीम कोर्ट में वकालत कर रहीं हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

