मप्र सरकार हर प्रकार के नशे पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

WhatsApp Channel Join Now
मप्र सरकार हर प्रकार के नशे पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


- प्रदेश में 15 से 30 जुलाई तक चलेगा नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान

- मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों से की नशा मुक्त मध्यप्रदेश अभियान को सफल बनाने की अपील

भोपाल, 10 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों से 'नशा मुक्त मध्यप्रदेश' अभियान में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर प्रकार के नशे पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं से 15 से 30 जुलाई तक मध्य प्रदेश पुलिस के नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार को जारी अपने संदेश में कहा है कि मध्य प्रदेश प्रत्येक क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस विकास यात्रा में युवा शक्ति रचनात्मक भूमिका निभा रही है। सभी नागरिक भी विकासात्मक गतिविधियों से स्वयं को जोड़कर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। नशे की प्रवृत्ति समाज की विकास यात्रा पर कुठाराघात करती है। मध्यप्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नशा मुक्त मध्यप्रदेश बनाने के लिए कार्य कर रही है। नशे से लड़ाई में पूरा देश एकजुट है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने हर तरह के नशे पर अंकुश लगाने के लिए व्यापक अभियान की शुरुआत की है। नशा, नाश की जड़ है, जो वर्तमान और भावी पीढ़ियों को भी बर्बाद कर देता है। नशे से सभी प्रकार की रचनात्मकता और आगे बढ़ने की संभावनाओं पर कुठाराघात होता है, वर्तमान और भविष्य दोनों खराब होते हैं। नशा परिवारों को बर्बाद कर देता है। राज्य सरकार ने अपनी समस्त क्षमताओं के साथ प्रदेशवासियों के सहयोग से नशे के खिलाफ अभियान आरंभ किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संदेश में प्रदेशवासियों से 'नशा मुक्त मध्यप्रदेश' अभियान में हरसंभव सहयोग प्रदान करने और अभियान को समर्थन देने का आव्हान किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 'नशामुक्त भारत' के संकल्प तथा केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री शाह के वर्ष 2029 तक भारत को पूर्णत: नशामुक्त बनाने के राष्ट्रीय लक्ष्य को साकार करने के लिए राज्य सरकार पूर्णत: प्रतिबद्ध है। इस दिशा में जनभागीदारी के साथ निरंतर कार्य जारी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने नक्सलवाद जैसी बड़ी लड़ाई में भी विजय प्राप्त की है। राज्य सरकार प्रदेशवासियों के सहयोग से नशे के विरूद्ध अभियान में भी सफल होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बाबा महाकाल हमारे साथ हैं, हम नशामुक्त मध्यप्रदेश के निर्माण में जरूर सफलता हासिल करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story