छिंदवाड़ाः शासकीय स्कूलों के 41 विद्यार्थियों ने नीट की परीक्षा में लहराया परचम

WhatsApp Channel Join Now
छिंदवाड़ाः शासकीय स्कूलों के 41 विद्यार्थियों ने नीट की परीक्षा में लहराया परचम


छिंदवाड़ा, 20 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिन्दवाड़ा जिले के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने नीट की परीक्षा में परचम लहराकर सफलता की एक नई इबारत लिख दी है। अभी तक प्राप्त परीक्षा परिणाम के अनुसार शासकीय विद्यालयों के 41 विद्यार्थियों ने नीट 2026 की परीक्षा में सफलता हासिल की है।

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा घोषित परिणामों में अब तक प्राप्त 110 रिजल्ट में 41 विद्यार्थी सफल हुए हैं। जिला प्रशासन का मानना है कि अंतिम आंकड़ा आने पर यह संख्या और बढ़ सकती है।

जिला प्रशासन की पहल बनी सफलता की नींव - पिछले दो वर्षों से जिला प्रशासन ने सरकारी विद्यालयों में जेईई एवं नीट की विशेष तैयारी का अभिनव मॉडल शुरू किया। नियमित पढ़ाई के साथ अंतिम दो पीरियड प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निर्धारित किए गए, जहां विषय विशेषज्ञ शासकीय शिक्षक विद्यार्थियों को पढ़ाते हैं। इसके साथ ही प्रतिमाह ऑनलाइन टेस्ट, प्रतिदिन अभ्यास परीक्षा, परिणामों का विश्लेषण, व्हाट्सएप के माध्यम से अध्ययन सामग्री तथा एलेन इंदौर के निःशुल्क स्टडी मटेरियल ने विद्यार्थियों की तैयारी को नई दिशा दी।

कलेक्टर ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह - सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने सभी जिला अधिकारियों की उपस्थिति में इन सफल विद्यार्थियों का सम्मान किया सफल विद्यार्थियों का सम्मान करते हुए कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ श्री अग्रिम कुमार ने पुष्पगुच्छ एवं चॉकलेट देकर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर अभिभावकों और शिक्षकों का भी सम्मान किया गया, जिन्होंने इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

विद्यार्थियों की इस सफलता पर कलेक्टर नारायन के साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी जे.के. इड़पाचे ने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनांए प्रेषित की, वहीं इस सफलता पर सहायक संचालक डी.पी. डेहरिया, पी.एल. मेश्राम, उत्कृष्ट विद्यालय प्राचार्य आर.साहू एवं पूर्व प्राचार्य ए.काले ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए हर्ष व्यक्त किया। इस सफलता से शासकीय विद्यालय के शिक्षकों में आत्मविश्वास बढ़ा है, वहीं विद्यार्थियों में उत्साह व्याप्त है।

सरकारी स्कूलों के सितारे - इस वर्ष नीट की परीक्षा में सरकारी स्कूलों के कई विद्यार्थियों ने शानदार अंक अर्जित किए। भाग्यश्री डाले (शासकीय हाई स्कूल बिजौरी) ने 529 अंक, तनिष्क साबले (उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा) ने 464 अंक, स्वर्ण मायती (उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा) ने 436 अंक और इनके अलावा अनेक विद्यार्थियों ने 400 से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

पूरे जिले में सफलता की गूंज - टीम वर्क से मिली यह सफलता जिले के किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि अलग अलग ब्लॉक के अलग-अलग स्कूलों के विद्यार्थियों ने यह

सफलता प्राप्त कर एक मिसाल पेश की है।

इन सफल 41 विद्यार्थियों में -

छिंदवाड़ा ब्लॉक – 17

बिछुआ ब्लॉक – 5

परासिया ब्लॉक – 5

हर्रई ब्लॉक – 4

मोहखेड़ ब्लॉक – 3

चौरई ब्लॉक – 2

तामिया ब्लॉक – 2

पांढुर्णा ब्लॉक– 2

सौंसर ब्लॉक – 1 विद्यार्थी ने सफलता प्राप्त कर अपने विद्यालयों और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / sandeep chowhan

Share this story