छिंदवाड़ा: बंजारी घाटी में ब्रेक फेल होने से बस पेड़ से टकराई, 12 घायल

WhatsApp Channel Join Now
छिंदवाड़ा: बंजारी घाटी में ब्रेक फेल होने से बस पेड़ से टकराई, 12 घायल


छिंदवाड़ा: बंजारी घाटी में ब्रेक फेल होने से बस पेड़ से टकराई, 12 घायल


छह यात्रियों की हालत गंभीर, नागपुर रेफर, ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू अभियान

छिंदवाड़ा, 22 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के पांढुर्णा में बंजारी घाटी क्षेत्र में साेमवार सुबह महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस के ब्रेक फेल होने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में 12 यात्री घायल हो गए, जिनमें छह की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नागपुर रेफर किया गया है।

हादसा महाराष्ट्र-मध्यप्रदेश सीमा से लगे सवरनी और भिटनी घाट के बीच बंजारी घाटी के खतरनाक मोड़ पर हुई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार गूंज उठी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मदद के लिए मौके पर पहुंच गए। बस की खिड़कियां और शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से घायलों को समय पर राहत मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, डायल-112 और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी सौंसर और बिछुआ के अस्पतालों में पहुंचाया गया।

छह गंभीर घायलों को नागपुर भेजा गया

गंभीर रूप से घायल छह यात्रियों को सौसर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का उपचार बिछुआ अस्पताल में जारी है।

ब्रेक फेल होने की आशंका

बस के कंडक्टर प्रकाश गाढ़वे ने बताया कि अचानक ब्रेक फेल होने के कारण चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे हादसा हुआ। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। वहीं, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घाटी के तीखे और अंधे मोड़ पर चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिसके बाद बस अनियंत्रित हो गई। पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

लोधीखेड़ा थाना प्रभारी एबी मर्सकोले ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। प्राथमिकता घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने की रही। प्रारंभिक जांच में ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है, लेकिन तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट कारणों का पता चल सकेगा। हादसे के चलते कुछ समय के लिए घाट क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित रहा। राहत की बात यह रही कि इतनी बड़ी दुर्घटना के बावजूद किसी यात्री की मौत नहीं हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story