चिरायता की फसल की कटाई से उठी धूल और गंध से छात्रावास की 21 छात्राएं बीमार

WhatsApp Channel Join Now
चिरायता की फसल की कटाई से उठी धूल और गंध से छात्रावास की 21 छात्राएं बीमार


उल्टी, चक्कर और खांसी की शिकायत के बाद अस्पताल में कराया भर्ती, उपचार के बाद सभी की हालत सामान्य

खाचरोद, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के खाचरोद विकासखंड के चांपा खेड़ा गांव स्थित सुभाष चंद्र बोस छात्रावास में सोमवार शाम अचानक 21 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। छात्राओं को उल्टी, चक्कर और खांसी की शिकायत होने पर प्रशासन ने तत्काल उन्हें खाचरोद के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के बाद सभी छात्राओं की स्थिति सामान्य बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब सात बजे छात्रावास में अतिरिक्त कक्षा संचालित हो रही थी। इस दौरान कक्षा में अध्ययन कर रही कुछ छात्राओं को अचानक उल्टी और चक्कर आने लगे। कई छात्राओं को खांसी की शिकायत भी हुई। शुरुआत में प्रभावित छात्राओं को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन धीरे-धीरे बीमार छात्राओं की संख्या बढ़ने लगी। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से सभी 21 छात्राओं को रात करीब आठ बजे तक खाचरोद के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। एसडीएम नेहा साहू ने रात में ही छात्रावास पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जानकारी में छात्रावास के समीप खेत में चिरायता औषधीय फसल की कटाई को छात्राओं के बीमार होने की संभावित वजह बताया गया है। आशंका है कि फसल की कटाई के दौरान निकली धूल और गंध छात्रावास के उस कक्ष तक पहुंच गई, जहां छात्राएं अतिरिक्त कक्षा में पढ़ाई कर रही थीं। बताया गया है कि संबंधित कक्ष बंद था।

अस्पताल में भर्ती छात्राओं को रात करीब 12 बजे तक उपचार के दौरान ड्रिप चढ़ाई गई। इसके बाद उनकी हालत में सुधार हुआ और सभी की स्थिति सामान्य हो गई। मंगलवार दोपहर तक छात्राओं को अस्पताल से छुट्टी दिए जाने की बात कही गई।

इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के बीएमओ डॉ. संजीव कुमरावत ने बताया कि छात्रावास के समीप किसान चिरायता औषधीय फसल की कटाई कर रहा था। कटाई के दौरान निकलने वाली धूल और गंध से छात्राओं की तबीयत प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि चिरायता का उपयोग औषधीय प्रयोजनों में किया जाता है और इसका स्वाद कड़वा होता है। फसल की कटाई के दौरान निकलने वाली धूल और गंध से बचाव के लिए सावधानी बरतना आवश्यक है।

हिन्दुस्थान समाचार / Ravindra singh Raghuvanshi

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782376 Articles

Share this story