चार दिवसीय महापर्व छठ उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न, भोपाल के शीतलदास की बगिया और कमला पार्क घाट पर उमड़े श्रद्धालु

WhatsApp Channel Join Now
चार दिवसीय महापर्व छठ उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न, भोपाल के शीतलदास की बगिया और कमला पार्क घाट पर उमड़े श्रद्धालु


चार दिवसीय महापर्व छठ उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न, भोपाल के शीतलदास की बगिया और कमला पार्क घाट पर उमड़े श्रद्धालु


भोपाल, 16 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया। राजधानी भोपाल में शीतलदास की बगिया, कमला पार्क सहित विभिन्न छठ घाटों पर सुबह से ही व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। व्रतियों ने जल में खड़े होकर उगते सूर्य को जल और गाय के कच्चे दूध से अर्घ्य दिया। इसके साथ ही 36 घंटे से चल रहे निर्जला व्रत का पारण हुआ।

सूर्य देव की पूजा-अर्चना के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर व्रत खोला। इस दौरान उन्होंने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। घाटों पर सुबह से ही छठ के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। पूजा संपन्न होने के बाद व्रतियों ने परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और परिचितों के बीच छठ का प्रसाद वितरित किया। सुबह की पहली किरण के साथ घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल नजर आया।

ठेकुआ और मौसमी फलों से सजाए पूजा के सूप

छठ पूजा के अंतिम दिन व्रतियों ने बांस के सूप में ठेकुआ, केला, नारियल, मौसमी फल, अक्षत और अन्य पूजन सामग्री सजाकर सूर्य देव को अर्पित की। परंपरा के अनुसार व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार और समाज की खुशहाली की प्रार्थना की। घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस विशेष पूजा के साक्षी बने।

नहाय-खाय से शुरू हुआ था चार दिवसीय अनुष्ठान

छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हुई थी। 14 नवंबर को खरना के दिन व्रतियों ने शाम को खीर और गेहूं की रोटी का प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हुआ। 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य के दौरान व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। वहीं, सोमवार सुबह उगते सूर्य की उपासना और अर्घ्य के साथ चार दिवसीय महापर्व का विधिवत समापन हुआ।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778227 Articles

Share this story