छतरपुर : कुएं में गिरी छोटी बहन को बचाने कूदा भाई, गहरे पानी में डूबने से दोनों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
छतरपुर : कुएं में गिरी छोटी बहन को बचाने कूदा भाई, गहरे पानी में डूबने से दोनों की मौत


छतरपुर : कुएं में गिरी छोटी बहन को बचाने कूदा भाई, गहरे पानी में डूबने से दोनों की मौत


छतरपुर, 25 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के लवकुश नगर थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां के ग्राम बागवान में सोमवार सुबह खेत पर बने एक कुएं में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत हो गई। बहन का पैर फिसलने के बाद उसे डूबता देख भाई ने बिना सोचे-समझे कुएं में छलांग लगा दी थी, लेकिन गहरा पानी होने के कारण दोनों में से कोई भी बाहर नहीं आ सका।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह ग्राम बागवान में रहने वाली 13 वर्षीय मुस्कान राजपूत घर के पास ही स्थित खेत पर बने एक कुएं पर नहाने गई थी। कुएं के चारों तरफ सुरक्षा के लिए कोई मुंडेर (बाउंड्रीवॉल) नहीं बनी हुई थी। नहाने के दौरान अचानक मुस्कान का पैर फिसल गया और वह सीधे गहरे पानी में जा गिरी।

मुस्कान को कुएं के भीतर डूबते देख पास ही खड़ा उसका 15 वर्षीय सगा भाई सत्यजीत राजपूत अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत कुएं में कूद गया। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों ने बताया कि सत्यजीत ने पानी के भीतर अपनी छोटी बहन को पकड़ने और उसे सुरक्षित बाहर निकालने की बेहद कोशिश की। लेकिन कुएं में पानी का स्तर बहुत अधिक होने और गहराई ज्यादा होने के कारण सत्यजीत खुद को संभाल नहीं पाया। कुछ ही पलों में दोनों भाई-बहन गहरे पानी में समा गए।

इस हादसे की खबर परिवार को तब लगी जब दोनों का बड़ा भाई निरंजन राजपूत किसी काम से कुएं के पास पहुंचा। उसने यहां पानी में भाई-बहन के शव उतराते देखे और तुरंत चीख-पुकार मचाकर आसपास के ग्रामीणों और परिजनों को आवाज दी। शोर सुनकर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए कुएं में उतरकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला और तुरंत लवकुश नगर अस्पताल लेकर भागे। हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों मासूमों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। लवकुश नगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story