छतरपुर: बारातियों से भरी तेज रफ्तार पिकअप पलटने से 2 की मौत, 14 घायल, 4 की हालत गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
छतरपुर: बारातियों से भरी तेज रफ्तार पिकअप पलटने से 2 की मौत, 14 घायल, 4 की हालत गंभीर


छतरपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छतरपुरजिले के नौगांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बारातियों से भरी पिकअप पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 बाराती घायल हो गए। इनमें दूल्हे के पिता सहित चार लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, बारात टीकमगढ़ जिले के ग्राम बिदारी से उत्तर प्रदेश के अतर्रा जा रही थी। पिकअप वाहन यूपी 94 एटी 3394 में करीब 20 बाराती सवार थे। जैसे ही वाहन नौगांव स्थित पीएम श्री कॉलेज के पास पहुंचा, चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और पिकअप सड़क पर पलट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पिकअप तेज रफ्तार से दौड़ रही थी। बताया जा रहा है कि चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे वाहन असंतुलित होकर सड़क की दूसरी ओर पलट गया। चालक के शराब के नशे में होने की भी आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है।

दो की मौके पर मौत, चार गंभीर

हादसे में किशोरी अहिरवार (48) और नितिन अहिरवार (17) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं दूल्हे के पिता नंदलाल अहिरवार, संतोष, चेचे और भजनलाल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को पहले नौगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही नौगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और चालक के नशे में होने की आशंका पर भी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story