छतरपुर में सड़क हादसे के बाद हिंसा, 5 घंटे तक चला बवाल, पुलिस पर भी पथराव, 4 आरोपी गिरफ्तार
छतरपुर, 05 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छतरपुर शहर के विंध्यवासिनी मंदिर पुलिस चौकी क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक सड़क हादसे के बाद शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। करीब पांच घंटे तक चले उपद्रव में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दाैरान जमकर मारपीट, पथराव और वाहनों में तोड़फोड़ हुई। हालात तब और बिगड़ गए जब उपद्रवियों ने मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव कर दिया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार टोरिया मोहल्ले के तीन युवक पल्सर बाइक को लहराते हुए तेज रफ्तार में चला रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सामने से आ रहे एक स्कूटर से टकरा गई। हादसे में स्कूटर सवार दंपती और उनकी तीन वर्षीय बेटी घायल हो गई। पीड़ित परिवार ने बाइक चालकों की लापरवाही पर आपत्ति जताते हुए उपचार का खर्च मांग लिया और बाइक की चाबी निकाल ली। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस बात से नाराज एक युवक कुछ देर बाद अपने साथ कई लोगों को लेकर लौटा और दंपती के साथ मारपीट शुरू कर दी। स्कूटी में भी तोड़फोड़ की गई। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उसकी गोद से तीन वर्षीय बेटी को छीनकर सड़क पर फेंक दिया, जिससे बच्ची घायल हो गई।
दो पक्षों में भिड़ंत, पुलिस भी बनी निशाना
मारपीट के बाद घटना की सूचना महिला ने अपने परिजनाें काे फाेन कर दी। जिसके बाद पीड़ित पक्ष के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। तब तक आरोपी अपने घरों की ओर भाग चुके थे। पीड़ित पक्ष जब आरोपियों के घर (टोरिया मोहल्ला) पहुंचा तो दोनों गुट आमने-सामने आ गए। महिलाओं और पुरुषों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन उपद्रवियों ने पुलिस टीम को भी निशाना बनाते हुए पथराव कर दिया। सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। इस दौरान घटनाक्रम का वीडियो बना रहे एक युवक के सिर में पत्थर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि शुरुआती दौर में पुलिस को पीछे हटना पड़ा।
अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा, आरोपी घरों में ताले लगाकर फरार
स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख कोतवाली, सिविल लाइन और ओरछा रोड थाना पुलिस सहित अतिरिक्त बल मौके पर तैनात किया गया। भारी पुलिस बल पहुंचने की सूचना मिलते ही कई आरोपी अपने घरों में ताले लगाकर फरार हो गए। पुलिस ने रात में ही दबिश देकर निसार, निज्जू, छोटू सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। क्षेत्र के लोगों ने विवाद के दौरान हवाई फायरिंग होने का भी दावा किया है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया गया। आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस पर हमला, पथराव और दंगा फैलाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

