छतरपुर में मुरम खदान धंसने से युवक की मौत, मिट्टी निकालने के दाैरान हुआ हादसा
छतरपुर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छतरपुर शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरकोंहा में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की जान चली गई। मुरम निकालने के दौरान खदान की मिट्टी धंसने से वह उसमें दब गया। परिजन गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार बरकोंहा निवासी देवेंद्र यादव (19) ट्रैक्टर लेकर गांव के बाहर डमरापुरवा स्थित खदान से मुरम निकालने गया था। बताया जा रहा है कि खदान पहले से ही काफी गहरी और कमजोर हो चुकी थी। खुदाई के दौरान देवेंद्र खदान के भीतर ही बैठकर नाश्ता करने लगा। इसी बीच अचानक ढलान भरभराकर नीचे आ गिरी और भारी मात्रा में मिट्टी उसके ऊपर आ गिरी, जिससे वह दब गया।
20 मिनट तक चला रेस्क्यू
घटना के समय साथ मौजूद उसके साथी भाई ने शोर मचाया, जिस पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। करीब 15 से 20 मिनट की मशक्कत के बाद स्थानीय स्तर पर रेस्क्यू कर युवक को बाहर निकाला गया। तत्काल उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में खदान की असुरक्षित स्थिति को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है।
यह हादसा एक बार फिर अवैध और असुरक्षित खदानों में काम के दौरान बरती जा रही लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों का कहना है कि खदान की स्थिति पहले से ही खतरनाक थी, बावजूद इसके वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

