मैहर में दो जगह आग से मची अफरा-तफरी, बैंक और तहसील परिसर की दुकानों में शॉर्ट सर्किट से हादसा

WhatsApp Channel Join Now
मैहर में दो जगह आग से मची अफरा-तफरी, बैंक और तहसील परिसर की दुकानों में शॉर्ट सर्किट से हादसा


मैहर, 26 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में मंगलवार सुबह दो अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की घटनाएं सामने आयी हैं। तिलौरा स्थित मध्यांचल ग्रामीण बैंक और मैहर तहसील परिसर की दुकानों में अचानक आग भड़क उठी। हालांकि राहत की बात यह रही कि फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की सतर्कता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

जानकारी के अनुसार पहली घटना सुबह करीब 9:30 बजे तिलौरा स्थित मध्यांचल ग्रामीण बैंक में हुई। बैंक बंद होने के कारण उस समय अंदर कोई ग्राहक मौजूद नहीं था। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। बताया गया कि बैंक के एक स्विच में अचानक स्पार्किंग हुई और देखते ही देखते धुआं फैलने लगा। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। बैंक कर्मचारियों और दमकल कर्मियों ने फायर सिलेंडर की मदद से आग पर तेजी से काबू पाया। आग सीमित क्षेत्र तक ही रही, जिससे बैंक में बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

वहीं दूसरी घटना मैहर तहसील परिसर में स्थित धीरेंद्र सिंगरौल और प्रदीप कुशवाहा की दुकानों के ऊपरी हिस्से में सामने आई। यहां भी शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए आग को फैलने से रोक दिया। आग दुकानों के ऊपरी हिस्से तक सीमित रहने से अंदर रखा सामान सुरक्षित बच गया। दोनों घटनाओं के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, लेकिन समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से बड़ा हादसा टल गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story