सिंहस्थ में मुख्य घाटों के हर 200 मीटर क्षेत्र में होंगे चैंजिंग रूम और टायलेट

WhatsApp Channel Join Now
सिंहस्थ में मुख्य घाटों के हर 200 मीटर क्षेत्र में होंगे चैंजिंग रूम और टायलेट


उज्जैन , 26 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने उज्जैन प्रवास के दौरान गुरूवार प्रात: अंगारेश्वर महादेव के दर्शन किए और शिप्रा नदी पर बन रहे नवीन घाटों का निरीक्षण किया। उन्होने मौके पर ही संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेलाधिकारी आशीष सिंह तथा कलेक्टर रोशन कुमार सिंह को निर्देश दिए कि सिंहस्थ के दौरान मुख्य घाटों पर हर 200 मीटर के क्षेत्र में कपड़े बदलने के कक्ष, टॉयलेट बनाए जाएं। ताकि श्रद्धालुओं को इधर उधर भटकना न पड़े।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निर्देश दिए कि नवनिर्मित घाटों के आसपास श्रद्धालुओं के आने जाने के लिए 500 मीटर दूरी पर सीढिय़ां और अन्य पहुंच मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित हो, जिससे मुख्य घाटों पर श्रद्धालुओं को स्नान करने में सुविधा भी मिल सके। सिद्धवट और अंगारेश्वर मंदिर के मध्य बन रहे पुल का भी डॉ. यादव ने अवलोकन किया। आशीष सिंह एवं रोशन कुमार सिंह ने डॉ.यादव को बताया कि इस पुल के बनने के बाद दोनों प्रमुख मंदिर स्थानों को जोडऩे के लिए सुविधा हो जाएगी और श्रद्धालुओं को नया वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा। साथ ही घाटों पर स्नान करने के लिए 5 मीटर का बड़ा घाट भी बनाया गया है, जो आने-जाने एवं श्रद्धालुओं के बैठने की सुविधा भी प्रदान करेगा। इसी प्रकार घाटों पर श्रद्धालुओं की बैठने के लिए अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल

Share this story