जबलपुर : सड़क पर डेयरी देखकर कमिश्नर ने तत्काल कराया चालान
जबलपुर, 05 जुलाई (हि.स.)। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार रविवार को सफाई और वर्षाजल निकासी की व्यवस्था देखने धरातल पर उतरे। उन्होंने शहर के दो प्रमुख संभागों गढ़ा और कछपुरा का अधिकारियों के साथ सघन दौरा किया। क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था और जल निकासी के इंतजामों की जमीनी हकीकत को देखा।
दौरे के दौरान दोनों संभागों के विभिन्न वार्डों में सफाई व्यवस्था काफी बेहतर और सुदृढ़ नजर आई। मानसून के मौसम को देखते हुए जल भराव की स्थिति से निपटने के लिए की गई पूर्व तैयारियों का असर भी सड़कों और नालों में साफ देखने को मिला। वर्षाजल निकासी के सुचारू प्रबंध और मुस्तैद सफाई कर्मियों को देखकर निगमायुक्त ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर शुक्ला नगर में पूजा डेयरी संचालक सड़क पर व्यवसाय करते पाए जाने पर संचालक पर एक हजार रूपए का जुर्माना लगाया गया।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने अधिकारियों, इंजीनियरों और मुख्य स्वच्छता निरीक्षकों के साथ वार्डों की गलियों का जायजा लिया। मुस्तैदी से काम कर रहे सफाई कर्मचारियों के कार्य को निगमायुक्त ने सराहा और उनका हौसला बढ़ाया।
कछपुरा और गढ़ा के संवेदनशील क्षेत्रों में पानी निकासी की बेहतर व्यवस्था मिलने पर उन्होंने कहा कि अधिकारियों की पूर्व योजना और मैदानी अमले की सक्रियता के कारण नागरिकों को जल भराव से बड़ी राहत मिली है।
निगमायुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे इस मुस्तैदी को कम न होने दें। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम को 24 घंटे एक्टिव रखा जाए और जहां भी जल भराव की मामूली शिकायत भी आए, वहां तुरंत रिस्पॉन्स टीम भेजी जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

