दमोह : नवरात्रि का आगाज: मंदिरों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, जयकारों से गूंजा शहर
दमोह, 19 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्रि के शुभारंभ के साथ ही दमोह शहर में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह सूर्योदय से पहले ही मंदिरों के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा।
शहर के प्रमुख आस्था केंद्र मां बड़ी देवी मंदिर में सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। यहां दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता रानी के दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर के बाहर लंबी कतारें लगी रहीं, लेकिन घंटों इंतजार के बावजूद भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।
इसके अलावा मां कंकाली मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। महिलाएं पूजा की थाल सजाकर मंदिर पहुंचीं और विधि-विधान से पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
नवरात्रि के प्रथम दिन कलश स्थापना के साथ विशेष पूजन-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हुई। मंदिरों में दुर्गा सप्तशती का पाठ, हवन और आरती का आयोजन किया गया, वहीं कई स्थानों पर अखंड ज्योति प्रज्वलित कर नौ दिनों तक निरंतर पूजा का संकल्प लिया गया है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। पुलिस द्वारा मंदिर परिसरों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। भीड़ नियंत्रण के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग मार्ग बनाए गए हैं, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारू बनी रही।
नवरात्रि के अवसर पर पूरे शहर में भक्ति का माहौल छाया हुआ है। जगह-जगह भजन-कीर्तन, जागरण और धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। लाउडस्पीकर पर बजते देवी गीतों से पूरा दमोह भक्तिरस में डूबा नजर आ रहा है।
वहीं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने व्रत-उपवास का संकल्प भी लिया है। विशेष रूप से महिलाएं और युवतियां पारंपरिक वेशभूषा में सज-धज कर मंदिर पहुंच रही हैं और माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त कर रही हैं।
नवरात्रि के इन नौ दिनों में दमोह में आस्था, अनुशासन और उत्साह का संगम देखने को मिलेगा, जहां प्रतिदिन माता के विभिन्न स्वरूपों की पूजा के साथ श्रद्धा का रंग और गहरा होता जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

