अपेक्स बैंक के प्रशासक और वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन अध्यक्ष ने संभाला पदभार, महापुरुषों को नमन कर की कार्य की शुरुआत
भोपाल, 29 अप्रैल (हि.स.)। अपेक्स बैंक के नव नियुक्त प्रशासक महेंद्र सिंह यादव एवं मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष संजय नगायच ने बुधवार को विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल की उपस्थिति में दोनों ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और अपने दायित्वों की शुरुआत की।
प्रदेश कार्यालय में पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के बाद दोनों नव नियुक्त पदाधिकारी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अपने-अपने कार्यालयों में पहुंचे, जहां मध्य प्रदेश शासन के मंत्रियों एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी में विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर पदभार ग्रहण किया गया।
किसानों की समृद्धि को प्राथमिकता: महेंद्र सिंह यादव
अपेक्स बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि उन्होंने महापुरुषों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर जनसेवा का संकल्प लिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसका पूर्ण निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे।
उन्होंने कहा कि अपेक्स बैंक की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करते हुए सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करना और किसानों को अधिकतम लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। सहकारी बैंकों के माध्यम से किसानों की आर्थिक स्थिति को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
किसान हित सर्वोच्च प्राथमिकता: संजय नगायच
मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक कॉरपोरेशन के अध्यक्ष संजय नगायच ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और संगठन ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वेयरहाउसिंग व्यवस्था के माध्यम से किसानों से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध रूप से पूरा किया जाएगा। कृषि को रोजगार और उद्योग से जोड़कर किसानों को सशक्त बनाने की सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू किया जाएगा।
कई वरिष्ठ नेता रहे उपस्थित
इस अवसर पर मंत्री विश्वास सारंग, प्रद्युम्न सिंह तोमर, कृष्णा गौर, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ, रणबीर सिंह रावत, सुरेन्द्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मंत्री अर्चना सिंह, राजो मालवीय, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, विधायक भगवानदास सबनानी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

