पंचायत दर्पण पर 74 लाख से ज्यादा खर्च का दावा, बारिश में कीचड़ में तब्दील हुई गांव की सड़क

WhatsApp Channel Join Now
पंचायत दर्पण पर 74 लाख से ज्यादा खर्च का दावा, बारिश में कीचड़ में तब्दील हुई गांव की सड़क


चंदेरी, 13 अगस्त (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के अशोकनगर जिले की चंदेरी तहसील के ग्राम पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों पर लाखों रुपये खर्च किए जाने का विवरण पंचायत दर्पण पोर्टल पर दर्ज है, लेकिन बारिश के दौरान सामने आई गांव की सड़क की तस्वीर इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। पोर्टल पर 74 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों पर व्यय दर्ज दिखाई दे रहा है, जबकि मौके पर सड़क की हालत बदहाल नजर आ रही है।

बारिश के बाद गांव की सड़क पूरी तरह कीचड़ और पानी से भर गई है। जगह-जगह गड्ढों में पानी जमा होने से रास्ते से निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों, खासकर बच्चों और महिलाओं को इसी कीचड़ भरे रास्ते से होकर आवागमन करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में यह मार्ग आवागमन के लिए परेशानी का कारण बन जाता है।

ऑनलाइन रिकॉर्ड और जमीनी स्थिति में अंतर पर सवाल

पंचायत दर्पण पोर्टल पर 74 लाख रुपये से अधिक की राशि विभिन्न विकास कार्यों पर खर्च होना दर्ज होने के बाद ग्रामीण अब इन कार्यों की वास्तविक स्थिति को लेकर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि यदि पंचायत क्षेत्र में इतनी बड़ी राशि विकास कार्यों पर खर्च की गई है तो बारिश के दौरान गांव की सड़क की स्थिति इतनी खराब क्यों है।

ग्रामीणों ने पंचायत में दर्ज विकास कार्यों का मौके पर भौतिक सत्यापन कराने की मांग की है। साथ ही पोर्टल पर दर्ज व्यय का मिलान संबंधित कार्यों की स्वीकृति, कार्यादेश, माप पुस्तिका, बिल-वाउचर और भुगतान संबंधी दस्तावेजों से कराने की मांग की गई है।

जांच से सामने आ सकती है वास्तविक स्थिति

ग्रामीणों का कहना है कि किसी विकास कार्य पर राशि खर्च होना केवल ऑनलाइन रिकॉर्ड से साबित नहीं होता। यह भी जरूरी है कि मौके पर संबंधित कार्य का निर्माण हुआ है या नहीं, उसकी गुणवत्ता कैसी है और वह वर्तमान में किस स्थिति में है, इसका भौतिक सत्यापन किया जाए।

अब निगाहें संबंधित जनपद पंचायत और जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि मौके पर निरीक्षण कर पंचायत दर्पण में दर्ज 74 लाख रुपये से अधिक के व्यय और वास्तविक विकास कार्यों का मिलान कराया जाता है तो स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

फिलहाल बारिश में कीचड़ से भरी सड़क ने पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों की गुणवत्ता और खर्च की गई राशि के उपयोग को लेकर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / Nirmal Kumar Vishwkarma

Share this story