सागरः जिले में सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ जंग: 14-15 वर्ष की बेटियों को लगेगा मुफ्त सुरक्षा कवच

WhatsApp Channel Join Now
सागरः जिले में सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ जंग: 14-15 वर्ष की बेटियों को लगेगा मुफ्त सुरक्षा कवच


सागर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। महिलाओं में जानलेवा बीमारी बनते जा रहे सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) को जड़ से मिटाने के लिए सागर जिले में एक बड़ी पहल की गई है। कलेक्टर संदीप जीआर ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर से विशेष 'एचपीवी वैक्सीन वितरण रथ' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अभियान का मुख्य लक्ष्य जिले की 14 से 15 वर्ष की किशोरियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करना है।

आमतौर पर निजी अस्पतालों में सर्वाइकल कैंसर की वैक्सीन (Gardasil) की एक खुराक की कीमत लगभग 4,000 रुपये है, जो आम परिवारों की पहुंच से बाहर थी। अब सरकार ने इसे 'यूनिवर्सल इम्यूनाइजेशन प्रोग्राम' का हिस्सा बनाया है, जिससे सागर के सरकारी अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर यह पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध होगी।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, 14-15 वर्ष की आयु में Gardasil-4 की एक सिंगल खुराक (Single Dose) ही शरीर में पर्याप्त इम्यूनिटी पैदा करने के लिए काफी है। इससे न केवल टीकाकरण की प्रक्रिया सरल हुई है, बल्कि अभिभावकों को बार-बार अस्पताल आने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।

टीकाकरण की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए सरकार ने U-WIN पोर्टल की सुविधा दी है। अभिभावक अपनी बेटियों का पंजीकरण पोर्टल पर करा सकते हैं, जिससे टीकाकरण का डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा।

कलेक्टर संदीप जीआर ने स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग को संयुक्त रूप से कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा: सर्वाइकल कैंसर एकमात्र ऐसा कैंसर है जिसे वैक्सीन के जरिए रोका जा सकता है। सभी अभिभावकों से मेरी अपील है कि वे अपनी बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए इस अभियान का हिस्सा बनें।

जिले की किशोरियां कल यानी 28 फरवरी से निम्नलिखित केंद्रों पर जाकर टीका लगवा सकती हैं:

•प्रमुख अस्पताल | जिला अस्पताल सागर, पॉलीक्लीनिक चमेली चौक

•सामुदायिक केंद्र | बंडा, बीना, देवरी, गढ़ाकोटा, जैसीनगर, केसली

•अन्य केंद्र | खुरई, मालथौन, मंडी बामोरा, राहतगढ़, रहली, शाहगढ़, सुरखी, मकरोनिया

उपस्थिति: शुभारंभ के अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ममता तिमोरी, सिविल सर्जन डॉ. आर.एस. जयंत, जिला टीकाकरण अधिकारी और यू-विन कॉर्डिनेटर सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story