विकसित भारत का संकल्प सभी के सहयोग से होगा पूर्ण : जितिन प्रसाद

WhatsApp Channel Join Now
विकसित भारत का संकल्प सभी के सहयोग से होगा पूर्ण : जितिन प्रसाद


जबलपुर, 14 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत - 2047 जो संकल्प लिया है यह प्रधानमंत्री का और सरकार का नहीं बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का संकल्प है और इस संकल्प की पूर्ति हेतु सभी को साथ आना होगा और समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी सक्रिय भूमिका निभानी होगी, विगत 12 वर्षो की विकास यात्रा को लेकर हम आपके बीच आये है यह केवल हमारी सरकार की उपलब्धिया नहीं बल्कि विकसित भारत का रोड मेप है।

यह बात केंद्रीय वाणिज्य, उद्योग एवं आईटी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रविवार को मध्य प्रदेश के जबलपुर में संभागीय भाजपा कार्यालय रानीताल में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मलेन को सम्बोधित करते हुए कही।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दुबे, राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकी, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, जिला प्रभारी आलोक संजर, महापौर जगतबहादुर सिंह, विधायक अशोक रोहाणी, अभिलाष पांडे, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी पराँजपे, प्रदेश संयोजक संदीप रजक, प्रदेश प्रवक्ता डॉ वाणी अहलुवालिया, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज की उपस्थिति में विकसित भारत संकल्प सम्मलेन पार्टी कार्यालय में आयोजित किया गया जिसमे जबलपुर के प्रबुद्ध जन शामिल हुए।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जतिन प्रसाद ने जबलपुर आगमन पर भाजपा द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की। केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने संकल्प सम्मलेन को सम्बोधित करते हुए कहा विगत 12 वर्ष में भारत को नई दिशा, नई ऊर्जा देने का कार्य हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। पुरे विश्व में आज स्थितियाँ विपरीत है, चुनौती पूर्ण माहौल है उसके बाद भी हमारा भारत स्थिर खड़ा है और आने वाले किसी भी संकट का का सामना और समाधान करने में सक्षम है और यह सब इसीलिए संभव हुआ है क्योंकि आपके आशीर्वाद और सहयोग से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज एक पूर्ण बहुमत स्थिर सरकार है, जनमत मोदी के साथ है। सशक्त नेतृत्व और सक्षम सरकार होने से ही भारत आज विश्व भर की चुनौतीयों के बाद भी हर मामले में स्थिर खड़ा है।

उन्होंने कहा आने वाले 20 वर्षों के लिए नींव आज रखी जा रही है आपको बताना चाहता हूँ आज जो नीतियां केंद्र सरकार बना रही हैं वह 2047 में विकसित भारत के लिए रोड मेप तैयार हो रहा है. विश्व के विकसित देश जो भारत से ना बात करना चाहते थे ना ही भारत की वस्तुओं को देखना नहीं चाहते थे पर आज परिस्थितियां बदली है मोदी जी का नेतृत्व आने के बाद विकसित से विकसित देश हमारे साथ करार रहे है और हम भी वर्ल्ड क्लास वस्तुओं को दुनिया को बेच रहे है।

उन्होंने कहा हमारे देश की 140 करोड़ जनसंख्या को पहले बोझ माना जाता था आज स्थिति बदली है देश के लोगो का जीवन स्तर बदल रहा है हर व्यक्ति आगे आ रहा है जीवन जीने का तरीका स्टेण्डर्ड बदल रहा है. प्रधानमंत्री का नेतृत्व आने के बाद बड़े बड़े देश लाइन लगा रहे है कि हमारे साथ करार हो जाये , यह देश की जनता की बदौलत यह सम्भव हुआ है और आज भारत विश्व का सबसे बड़ा बाजार बन गया है।

उन्होंने कहा आत्मनिर्भर भारत की हमने सिर्फ बात नहीं की बल्कि उसे साकार होते हम देख रहे है, और हमारे युवाओं को आने वाले वर्षों में किसी की ओर देखना नहीं होगा न ही किसी के सामने हाथ फैलाने होंगे. हमने उन वस्तुओं का निर्माण अपने देश में करना प्रारम्भ कर दिया है जिनके लिए हमें दूसरे देशो पर निर्भर होना होता था। भारत दुनिया टेलेंट केपिटल है, हम टेक्नोलॉजी में आगे बढ़ रहे है क्योंकि आने वाले समय जो देश की टेक्नोलॉजी सशक्त होगा वही दुनिया पर राज करेगा, हमारी आने वाली पीढ़ी के लिए हमारी सरकार कार्य रही है.

उन्होंने कहा प्रधानमंत्री पिछले 12 वर्षों में भारत को विश्व का नेतृत्व करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ावा है। भारत का वैश्विक स्तर पर मान-सम्मान बढ़ा है। प्रधानमंत्री जी ने प्रत्येक नागरिक के सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि को केंद्र में रखकर नीतियां बनाई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story