जबलपुर : स्वतंत्रता दिवस पर जबलपुर केंद्रीय जेल से 18 बंदी होंगे रिहा
जबलपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जबलपुर स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस केंद्रीय कारागार से 18 बंदियों को रिहा किया जाएगा। रिहा होने वालों में एक महिला बंदी भी शामिल है। इन सभी बंदियों की रिहाई जेल नियमावली और शासन के निर्धारित प्रावधानों के तहत की जा रही है। रिहा होने वाले बंदियों में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा उत्तरप्रदेश के बंदी भी शामिल हैं।
केंद्रीय कारागार के जेलर मदन कमलेश ने बताया कि शासन के नियमानुसार अब वर्ष में पांच अवसरों पर पात्र बंदियों को रिहा किया जाता है। पहले यह व्यवस्था वर्ष में तीन अवसरों तक सीमित थी। जेल प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस पर रिहाई के लिए पात्र बंदियों की प्रक्रिया पूरी कर ली है।
उन्होंने बताया कि इस बार रिहा होने वाले बंदियों में जबलपुर, कटनी और सिवनी जिले के तीन-तीन बंदी शामिल हैं। इसके अलावा मंडला के दो, बालाघाट के पांच तथा उत्तरप्रदेश के दो बंदियों को रिहा किया जाएगा। इनमें एक महिला बंदी भी है।
जेल प्रशासन के अनुसार, शासन की निर्धारित जेल नियमावली के तहत जिन बंदियों ने पात्रता संबंधी शर्तें पूरी की हैं, उन्हें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रिहाई का लाभ दिया जा रहा है। रिहाई की प्रक्रिया निर्धारित औपचारिकताओं के साथ पूरी की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस पर बंदियों को नई शुरुआत का अवसर देने के उद्देश्य से यह प्रक्रिया की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

