केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को हर घर तक पहुंचाकर जनकल्याण में योगदान करें: अजय जामवाल

WhatsApp Channel Join Now
केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को हर घर तक पहुंचाकर जनकल्याण में योगदान करें: अजय जामवाल


क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने ग्वालियर ग्रामीण एवं नगर में जिला पदाधिकारी एवं मंडल अध्यक्षों की बैठक को किया संबोधित

भोपाल/ग्वालियर, 20 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने शुक्रवार को ग्वालियर जिला ग्रामीण और महानगर के पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर पार्टी को सशक्त बनाने का आव्हान किया। उन्हाेंने कहा कि हर कार्यकर्ता का कर्तव्य है कि वह पूरी निष्ठा व ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें और संगठन को मजबूती प्रदान करें। पार्टी की ताकत बूथ स्तर पर निहित है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी सक्रिय भूमिका निभाते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने के प्रयासों को और तेज करना चाहिए।

अजय जामवाल ने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति बूथ स्तर पर होती है। प्रत्येक कार्यकर्ता का कर्त्तव्य है कि वह अपने पद का दायित्व पूरी निष्ठा से निभाते हुए बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प तभी साकार होगा, जब कार्यकर्ता अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंच बनाकर कार्य करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार एवं मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के प्रयास तेज किए जाएं। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना प्रत्येक कार्यकर्ता की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

विपक्ष के दुष्प्रचारों का तथ्यों के साथ जवाब दें कार्यकर्ता

संगठन महामंत्री जामवाल ने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित दल है और कार्यकर्ताओं का निरंतर प्रशिक्षण संगठन की प्राथमिकता है। प्रशिक्षण कार्यशालाएं कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा, स्पष्ट दिशा और कार्यकुशलता प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि 7 अप्रैल से 14 अप्रैल तक मंडल स्तर तथा 15 अप्रैल से 20 मई तक जिला स्तर पर प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। हमें अपने आचरण और व्यवहार से जनता का विश्वास जीतना है। अपनी कमियों को दूर करते हुए सरकार की योजनाओं की सही जानकारी आमजन तक पहुंचानी होगी। कांग्रेस सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक तथ्यों को प्रचारित कर गलत नैरेटिव बनाने का प्रयास कर रही है। कार्यकर्ताओं को चाहिए कि वे सोशल मीडिया के माध्यम से तथ्यों के साथ विपक्ष के आरोपों का जवाब दें और जनता तक सही जानकारी पहुंचाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story