सागरः कलेक्टर ने जनगणना 2027 को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
सागरः कलेक्टर ने जनगणना 2027 को लेकर दिए आवश्यक निर्देश


सागर, 07 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले मे मंगलवार को कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी संदीप जीआर ने जनगणना समन्वय समिति की बैठक में सख्त निर्देश दिए हैं कि प्रशिक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रगणकों का प्रशिक्षण केवल किताबी न होकर प्रैक्टिकल होना चाहिए ताकि फील्ड में डेटा प्रविष्टि सटीक हो सके।

बैठक में जानकारी दी गई कि भारत के महारजिस्ट्रार कार्यालय द्वारा हिंदी भाषा में निर्देश पुस्तिकाएं जिलों को भेजी जा चुकी हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी फील्ड ट्रेनर्स को निर्देश पुस्तिका और अनुवादित PPT के प्रिंट उपलब्ध कराए जाएं। अतिरिक्त सीखने की सामग्री, जैसे ट्रेनर टूल किट और Ready Reckoner, A4 आकार के पेपर पर अनिवार्य रूप से दी जाए।

निदेशालय के पत्र के अनुसार, फील्ड ट्रेनर्स के लिए 600 रुपये प्रति दिन का भत्ता तय किया गया है। इसमें से 200 रुपये प्रतिदिन भोजन और जलपान के लिए व्यय किए जाएंगे। महत्वपूर्ण बात यह है कि इस भत्ते का भुगतान राज्य में मकान सूचीकरण कार्य सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद ही किया जाएगा। यदि कोई ट्रेनर आवंटित बैच को प्रशिक्षित करने के लिए उपलब्ध नहीं रहता है, तो वह भत्ते का पात्र नहीं होगा।

कलेक्टर ने जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। जनगणना कार्य निदेशालय द्वारा नामित जिला प्रभारी प्रशिक्षण केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। यदि प्रशिक्षण की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई, तो प्रशिक्षक को तुरंत बदलने या सत्र को दोबारा आयोजित करने जैसे सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story