जबलपुर : चार माह पहले बने सुलभ कॉम्प्लेक्स की सीलिंग गिरी, बड़ा हादसा टला

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : चार माह पहले बने सुलभ कॉम्प्लेक्स की सीलिंग गिरी, बड़ा हादसा टला


जबलपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के गंजीपुरा बाजार स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स में शनिवार सुबह सीलिंग का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। घटना के समय परिसर में कई लोग मौजूद थे। सीलिंग गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। एक महिला सीलिंग की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई।

जानकारी के अनुसार, गंजीपुरा बाजार में नगर निगम द्वारा करीब चार माह पहले लगभग 25 लाख रुपये की लागत से सुलभ कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया था। शनिवार सुबह अचानक इसकी छत की पीओपी सीलिंग का बड़ा हिस्सा नीचे आ गिरा। सीलिंग गिरने की आवाज सुनकर परिसर में मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कॉम्प्लेक्स की दीवारों और लेटर में भी कई स्थानों पर दरारें दिखाई देने लगी हैं। लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि सीलिंग गिरने के समय अधिक लोग उसके नीचे मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना की सूचना मिलने पर नगर निगम नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर नगर निगम प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए। मिश्रा ने कहा कि करीब 25 लाख रुपये की लागत से तैयार किए गए इस कॉम्प्लेक्स का निर्माण महज चार माह पहले हुआ है। उन्होंने निर्माण कार्य की जांच कराने और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

स्थानीय लोगों ने भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story