आगरमालवाः गौवंश के अवशेष मिलने के बाद बजरंग दल ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
आगरमालवाः गौवंश के अवशेष मिलने के बाद बजरंग दल ने किया प्रदर्शन


आगरमालवा, 29 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिला मुख्यालय स्थित सांई मंदिर के पीछे बुधवार को गौवंश के अवशेष मिलने से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया, जिससे तनाव का माहोल बना गया तथा लोग विरोध में सड़क पर उतर आये।

घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं मौके पर पहुंचे और विरोध में गोवंश के अवशेषों की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली। यह यात्रा विभिन्न मार्गो से होती हुई छावनी नाका चौराहे तक पहुंची, जहां लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि मौके पर मिले सभी अवशेषों को इकट्ठा कर उनका सही तरीके से अंतिम संस्कार किया जाए। साथ ही, गौवंश की मौत का कारण पता करने के लिए पोस्टमार्टम भी कराया जाए। वही अगर किसी ने जानबूझकर यह घटना की है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

सूचना मिलते ही आगरमालवा एसडीएम मिलिंद ढोके और एसडीओपी मोतीलाल कुशवाह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाया और स्थिति को शांत कराया। एसडीओपी मोतीलाल कुशवाह ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को शाम 4 बजे तक का समय देकर शांतिपूर्वक प्रदर्शन खत्म कर दिया।

एसडीएम मिलिंद ढोके ने बताया कि बाकी अवशेषों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक तरीके से जांच और पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिससे मौत के कारण साफ हो सकें। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

Share this story