राजगढ़: पुराने विवाद में चचेरे भाई की हत्या, गोली मारकर पत्थरों से कुचला; दो आरोपितों पर केस दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़: पुराने विवाद में चचेरे भाई की हत्या, गोली मारकर पत्थरों से कुचला; दो आरोपितों पर केस दर्ज


राजगढ़: पुराने विवाद में चचेरे भाई की हत्या, गोली मारकर पत्थरों से कुचला; दो आरोपितों पर केस दर्ज


राजगढ़, 14 अप्रैल (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम भगवतीपुरा में पुराने विवाद के चलते एक युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। गांव के ही दो लोगों ने घात लगाकर युवक का रास्ता रोका और उस पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपते हुए दो आरोपितों के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, 27 वर्षीय रामबाबू पुत्र भारतसिंह गुर्जर रात में राजगढ़ से बाइक पर अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान आरोपितों ने रास्ते में पत्थर रखकर उसे रोक लिया।

बताया जा रहा है कि बाइक रुकते ही आरोपितों ने पीछे से हमला कर उस पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी आरोपित नहीं रुके और उस पर पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना स्थल पर ही युवक की मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले में मृतक के रिश्तेदार विशाल पुत्र करणसिंह और हुकुमसिंह पुत्र प्यारजी गुर्जर के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

थाना प्रभारी मंजू मखेनिया ने बताया कि मुख्य आरोपित विशाल को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपित की तलाश जारी है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही दूसरे आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story