राजगढ़ में बहुरूपियों के वेश में आए बदमाशों ने महिला से लूट की, विरोध करने पर की मारपीट
राजगढ़, 18 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र के काछीपुरा-बड़ोदिया तालाब गांव में बहुरूपियों के वेश में आए तीन बदमाशों ने एक महिला के साथ मारपीट कर उसके गले से चांदी की चेन और नकदी लूट ली। वारदात के बाद आरोपित ग्रामीणों को आता देख मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पुलिस ने शनिवार को मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता कांतीबाई कुशवाह खेत स्थित अपने घर के बाहर काम कर रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल से तीन लोग वहां पहुंचे। इनमें दो लोग सलवार-सूट पहनकर और मेकअप किए हुए थे, जबकि तीसरा युवक जींस-शर्ट में था। पहले उन्होंने महिला से पानी मांगा और फिर शादी की बधाई के नाम पर रुपये मांगने लगे।
महिला ने उन्हें 50 रुपये दिए, लेकिन आरोपित 5 हजार रुपये की मांग पर अड़ गए। इसके बाद महिला जब घर के भीतर से पैसे लाने गई तो तीनों उसके पीछे अंदर घुस गए। आरोप है कि उन्होंने महिला के साथ मारपीट कर 500 रुपये छीन लिए और पैरों में पहनी चांदी की कड़ी उतारने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाश महिला के गले से चांदी की चेन छीनकर भाग निकले।
महिला के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपित धमकी देते हुए मोटरसाइकिल से फरार हो चुके थे।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि घटना से एक दिन पहले भी दो संदिग्ध व्यक्ति गांव आए थे। उन्होंने स्वयं को हाथी लेकर घूमने वाला दल बताकर तीज बड़ली मंदिर में भंडारे के नाम पर 5 किलोग्राम गेहूं और 50 रुपये लिए थे। पुलिस इस जानकारी की भी जांच कर रही है कि दोनों घटनाओं में शामिल लोग एक ही हैं या नहीं।
नरसिंहगढ़ थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में आरोपितों की तलाश कर रही है तथा उनकी पहचान के लिए उपलब्ध सुरागों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

