राजगढ़ःदीवार पुताई के काम को लेकर दो परिवारों के बीच मारपीट,आठ पर केस दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ःदीवार पुताई के काम को लेकर दो परिवारों के बीच मारपीट,आठ पर केस दर्ज


राजगढ़,19 अप्रैल(हि.स.)। खिलचीपुर थाना क्षेत्र के थावरिया बाजार में दीवार पुताई के काम को लेकर दो मुस्लिम परिवारों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने रविवार को दोनों पक्षों के चार-चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार मोहम्मद आसिम (19) पुत्र उमर मंसूरी ने शिकायत में बताया कि दीवार पुताई को लेकर हुए विवाद पर बीती रात शाहरुख पुत्र फिरोज, सलीम मुस्ताक, फकीर मोहम्मद पुत्र बसीर और इरशाद पुत्र बसीर गौरी ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और हाथ-थप्पड़ों से मारपीट की। इस हमले में उसके परिवार के सदस्यों को चोटें आईं। वहीं दूसरे पक्ष के बसीर (59) पुत्र नाथू गौरी ने आरोप लगाया कि इसी विवाद को लेकर अतहर पुत्र अनवर, आसिम पुत्र उमर, उमर पुत्र चांद खां और चांद खां पुत्र इषार खां ने उनके साथ गाली-गलौज कर मारपीट की, जिससे उनके परिजन घायल हो गए। बताया जा रहा है कि देर रात हुई इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(बी), 115(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story