राजगढ़ः गायों को बेचने जा रहे ग्रामीण से गोस्तकरी के नाम पर अभद्रता

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः गायों को बेचने जा रहे ग्रामीण से गोस्तकरी के नाम पर अभद्रता


राजगढ़, 2 दिसम्बर (हि.स.)। कालीपीठ थाना क्षेत्र के ग्राम महाबल से गोपालक अपनी दो गायों को बेचने लोडिंग वाहन से पचोर जा रहा था। इसी दौरान पचोर रोड स्थित कचनारिया आईटीआई के समीप मंगलवार सुबह पांच युवकों द्वारा गोपालक से अभद्रता कर गोशाला में रशीद काटने के नाम पर पैसों की मांग की गई। गोपालक की शिकायत पर देहात थाना में पांच आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम महाबल निवासी 45 वर्षीय शोभाराम पुत्र बग्शूलाल जाटव ने बताया कि वह झालाबाड़ के दांगीपुरा निवासी गिरीराज तंवर के लोडिंग वाहन से दो गायों काे बेचने के लिए पचोर जा रहा था। तभी कचनारिया आईटीआई के समीप चाय पीने के लिए रुका, उसी समय भारत गुर्जर, धर्मेंद्र ठाकुर के साथ तीन अन्य अज्ञात युवक आए जो गोतस्करी का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद युवकों द्वारा गोशाला के नाम पर 5100 रुपए की रशीद कटवाने का दबाव बनाया गया। विवाद बढ़ने पर युवक मौके से भाग गए। शहर ब्यावरा थाना प्रभारी वीरेन्द्र धाकड़ ने देहात थाना में फरियादी शोभाराम की रिपोर्ट पर दो नामजद सहित पांच के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की। संगठन के नाम पर अवैध वसूली की सूचना मिलने पर कार्यकर्ताओं ने पुलिस को शिकायत आवेदन किया, जिसमें प्रशासन को अवगत कराया गया कि कुछ दिनों से ब्यावरा और आसपास के इलाकों में कुछ लोग संगठन के नाम पर गो परिवहन संबंधित वाहनों को रोककर पैसों की वसूली कर रहे है, जिससे संगठन की छबि धूमिल हो रही है। इस प्रकार की गतिविधियों में जो भी शामिल है,उन पर कार्रवाई की जाए। संगठन इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त लोगों का समर्थन या सहयोग नही करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story