राजगढ़ में दलित महिला से दुष्कर्म का मामला, आरोपित फरार

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ में दलित महिला से दुष्कर्म का मामला, आरोपित फरार


राजगढ़, 13 मई (हि.स.)। मध्‍यप्रदेश के राजगढ़ जिले के कुरावर थाना क्षेत्र की रहने वाली 19 वर्षीय दलित महिला ने एक युवक पर होटल में ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार पीड़िता की 1 मई को मायके के गांव के रहने वाले संदीप नामक युवक से इंस्टाग्राम पर बातचीत हुई थी। युवक के बुलाने पर वह बस से ब्यावरा के लिए रवाना हुई। रास्ते में संदीप ने उससे किराये का कमरा दिलाने की बात कही, लेकिन बाद में बातचीत बंद कर दी। इसके बाद उसने बताया कि राजगढ़ निवासी गोविंद सौंधिया उसे ब्यावरा बस स्टैंड से लेने पहुंचेगा।

पीड़िता का आरोप है कि गोविंद उसे ब्यावरा स्थित एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। किसी तरह होटल के कमरे से बाहर निकलने पर उसकी मुलाकात पास के कमरे में ठहरे एक दम्पत्ति से हुई, जो उसे अपने साथ शिवपुरी जिले के पोहरी गांव ले गए। वहां उसके साथ किसी प्रकार की गलत हरकत नहीं हुई।

बाद में पीड़िता ने अपने भाई को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वह उसे घर लेकर आया। इस दौरान महिला के पति ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करा दी थी।

पुलिस ने आरोपित गोविंद सौंधिया निवासी राजगढ़ के खिलाफ धारा 64(1) बीएनएस और एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story