राजगढः विश्वास में लेकर पशु आहार मंगवाकर बड़ी धोखाधड़ी, चार आरोपित नामजद

WhatsApp Channel Join Now
राजगढः विश्वास में लेकर पशु आहार मंगवाकर बड़ी धोखाधड़ी, चार आरोपित नामजद


राजगढ़, 18 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के कुरावर थाना क्षेत्र में विश्वास में लेकर लाखों रुपए का पशु आहार मंगवाने और भुगतान न करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सोमवार को चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार गीता गोपाल इंटरप्राइजेज के संचालक, कुरावर निवासी प्रदीप(30) पिता बाबूलाल शर्मा द्वारा की गई। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति ने स्वयं को नेशनल ट्रेडर्स कंपनी का मालिक बताकर 17 नवंबर से 8 जनवरी के बीच 29 लाख 27 हजार 605 रुपए का पशु आहार से संबंधित माल मंगवाया। इस दौरान आरोपितों ने केवल 15 लाख 10 हजार रुपए ही भुगतान किए और शेष 14 लाख 17 हजार रुपए का भुगतान पिछले तीन महीनों से नहीं किया। न ही वे मोबाइल पर संपर्क कर रहे हैं। पुलिस ने मामले में अब्दुल पुत्र अहमद खान निवासी पूर्व मुंबई, जमाल पुत्र मुकीम अंसारी, फैजान पुत्र अब्दुल हमीर निवासी पालनपुर और अहमद पुत्र खिताबुद्दीन निवासी पूर्व मुंबई के खिलाफ धारा 318(4), 61(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

प्रारंभिक जानकारी में यह भी पता चला है कि इन आरोपितों के खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हो चुके हैं।पुलिस टीम आरोपितों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस का कहना है कि इस प्रकार की आर्थिक धोखाधड़ी के मामलों में सतर्कता बेहद जरूरी है, और व्यापारिक लेन-देन में दस्तावेजों की पूरी तरह जांच करनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story