राजगढ़ः पैसों के विवाद में घर में घुसकर हमला, 2 जेसीबी, 7 ट्रैक्टर समेत 12 वाहनों में तोड़फोड़
राजगढ़, 5 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम कांशी में पुराने पैसों के विवाद ने रविवार सुबह हिंसक रूप ले लिया। हथियारों से लैस आरोपियों ने एक परिवार के घर में घुसकर हमला कर दिया,जिसमें महिलाओं समेत पांच लोगों के साथ मारपीट की गई, जबकि घर के बाहर खड़ी दो जेसीबी, सात ट्रैक्टर, एक डीजे वाहन और दो मोटरसाइकिलों में जमकर तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने नामजद आरोपितों सहित अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम कांशी निवासी रामबाबू पुत्र रंगलाल तंवर ने शिकायत में बताया कि उनके चाचा का गांव के ही एक व्यक्ति से पैसों के लेन-देन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। रविवार सुबह करीब सात बजे दो लोग ट्रैक्टर लेकर उनके खेत में पहुंचे और फसल खराब करने लगे। विरोध करने पर वे लौट गए, लेकिन कुछ देर बाद अपने कई साथियों के साथ लाठी, डंडे और फर्से लेकर घर पहुंच गए। आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की और रामबाबू, उनकी मां रामकलीबाई, पत्नी बबलीबाई, पिता रंगलाल तंवर और भतीजे राहुल तंवर के साथ मारपीट कर घायल कर दिया। इसके बाद बाहर खड़े वाहनों को भी निशाना बनाया। जान बचाने के लिए परिवार के लोगों को मौके से भागना पड़ा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रामबाबू पुत्र प्रभूलाल तंवर, रमेश, राधेश्याम, प्रेम, मुकेश, दौलजी, रामप्रसाद, रोडजी, घीसालाल, कन्हैयालाल तंवर सहित अन्य आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष के राजेश तंवर का आरोप है कि घटना से एक दिन पहले भी विवाद हुआ था, जिसकी क्रॉस एफआईआर दर्ज हुई थी। रविवार सुबह हमले और खेत जोते जाने की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस करीब डेढ़ घंटे बाद पहुंची। उनका दावा है कि इस दौरान आरोपितों ने घर के ताले तोड़कर नकदी और जेवर निकाल लिए तथा रास्ता भी रोक दिया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि हमले में 100 से 150 लोग शामिल थे, जबकि पुलिस ने केवल 14 लोगों को आरोपित बनाया है। वहीं गंभीर रूप से घायल रामकलीबाई को भोपाल रेफर किए जाने के बावजूद उचित धाराएं नहीं बढ़ाने का भी आरोप लगाया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

