बांधवगढ़ में फिर मिला नर बाघ का शव, मौत के कारणों पर रहस्य बरकरार

WhatsApp Channel Join Now
बांधवगढ़ में फिर मिला नर बाघ का शव, मौत के कारणों पर रहस्य बरकरार


उमरिया, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में एक बार फिर बाघ की मौत का मामला सामने आया है। मानपुर बफर परिक्षेत्र के देवरी-बी बीट में बुधवार को एक वयस्क नर बाघ का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। शव की स्थिति सड़ागला होने के कारण बाघ की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई, इसका तत्काल पता नहीं चल सका।

पार्क प्रबंधन ने गुरुवार को शव विच्छेदन के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत अंतिम संस्कार करा दिया। प्रबंधन के अनुसार, बाघ के शरीर के सभी अवयव सुरक्षित मिले हैं और मौत का वास्तविक कारण प्रयोगशाला जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

गुरूवार को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के प्रभारी क्षेत्र संचालक अनुराग कुमार ने बताया कि 18 नवंबर 2026 को मानपुर बफर परिक्षेत्र के बिजौरी सर्कल अंतर्गत देवरी-बी बीट में नियमित वन गश्ती के दौरान नर बाघ का शव बरामद किया गया। दोपहर बाद पैदल गश्ती के दौरान बीट प्रभारी देवरी-बी और सुरक्षा श्रमिक की नजर सबसे पहले शव पर पड़ी। मृत बाघ की अनुमानित आयु 8 से 10 वर्ष बताई गई है। सूचना मिलते ही सहायक संचालक मानपुर और वन परिक्षेत्र अधिकारी मानपुर बफर घटनास्थल पर पहुंचे।

घटना की सूचना मिलने के बाद राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) की मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार घटनास्थल की घेराबंदी की गई। साक्ष्यों की सुरक्षा के साथ आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इसके लिए शहडोल से डॉग स्क्वाड बुलाया गया। मेटल डिटेक्टर और वन विभाग के मैदानी अमले की सहायता से घटनास्थल तथा आसपास के वन क्षेत्र की जांच की गई। हालांकि, तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध गतिविधि अथवा महत्वपूर्ण साक्ष्य सामने नहीं आया।

गुरुवार, 19 नवंबर को संजय टाइगर रिजर्व के पशु चिकित्सक डॉ. अभय सेंगर और मानपुर के पशु चिकित्सक डॉ. विपिन चंद्र आदर्श ने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बाघ के शव का विच्छेदन किया। इस दौरान बाघ के समस्त अवयव, नाखून और दांत सुरक्षित पाए गए। चिकित्सकों ने आवश्यक परीक्षण कर विभिन्न नमूने संकलित किए। इसके बाद निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

वन विभाग के अनुसार, बाघ की मृत्यु का वास्तविक कारण अभी अज्ञात है। शव विच्छेदन के दौरान एकत्रित नमूनों को प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही मृत्यु के कारणों का स्पष्ट निर्धारण हो सकेगा। पूरी कार्रवाई की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई है।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक प्रशिक्षण के सिलसिले में मुख्यालय से बाहर प्रवास पर हैं। उनके स्थान पर रीवा वृत्त के वन संरक्षक अनुराग कुमार ने कार्रवाई में उपस्थिति दर्ज कराई। इस दौरान बांधवगढ़ के उप संचालक योहान कटारा, राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के प्रतिनिधि डॉ. ज्ञानेंद्र प्रजापति, सहायक संचालक मानपुर, वन परिक्षेत्र अधिकारी मानपुर, मझखेता ग्राम पंचायत की सरपंच सावित्री प्रजापति, उप सरपंच तेजभान सिंह, नायब तहसीलदार सनत सिंह सहित मानपुर बफर परिक्षेत्र का मैदानी अमला मौजूद रहा।

वन विभाग का कहना है कि संपूर्ण कार्रवाई एनटीसीए की निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के तहत की गई है। घटनास्थल और आसपास के वन क्षेत्र में निगरानी तथा सघन गश्ती जारी है। हालांकि, बांधवगढ़ में बाघ की एक और मौत सामने आने से वन्यजीवों की सुरक्षा और संरक्षण व्यवस्था को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। फिलहाल विभाग की निगाहें प्रयोगशाला जांच की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे बाघ की मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/सुरेंद्र त्रिपाठी

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780025 Articles

Share this story